बिहार बोर्ड इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 में इस बार टॉपर्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पूरे राज्य का नाम रोशन किया है। साइंस स्ट्रीम में समस्तीपुर के आदित्य प्रकाश ने पहला स्थान हासिल किया है, जबकि कॉमर्स में पटना की अदिति कुमारी और आर्ट्स में गया की निशु कुमारी ने टॉप कर अपनी मेहनत का लोहा मनवाया है। तीनों संकायों को मिलाकर टॉप-5 मेधा सूची में कुल 26 परीक्षार्थियों ने जगह बनाई है, जिनमें 19 छात्राएं शामिल हैं। यह आंकड़ा एक बार फिर यह साबित करता है कि छात्राएं शिक्षा के क्षेत्र में लगातार आगे बढ़ रही हैं और बेहतर प्रदर्शन कर रही हैं।
बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (BSEB) ने इस वर्ष भी रिकॉर्ड समय में इंटर का रिजल्ट जारी कर इतिहास रच दिया है। करीब 13.04 लाख छात्रों का परिणाम मूल्यांकन शुरू होने के महज 25 दिनों के भीतर जारी किया गया। इसके साथ ही बोर्ड लगातार आठवीं बार मार्च महीने में सबसे पहले इंटर का रिजल्ट घोषित करने वाला देश का पहला बोर्ड बन गया है। इस बार कुल 85.19% छात्र-छात्राएं सफल हुए हैं। इनमें 84.09% छात्र और 86.23% छात्राएं पास हुई हैं। आर्ट्स और कॉमर्स में छात्राओं का दबदबा देखने को मिला, जबकि साइंस में छात्रों ने बाजी मारी।
बिहार बोर्ड इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 के टॉपर लिस्ट :
रिजल्ट की घोषणा शिक्षा मंत्री सुनील कुमार ने बिहार बोर्ड कार्यालय में की। इस दौरान बोर्ड के अध्यक्ष आनंद किशोर भी मौजूद रहे। परीक्षा का आयोजन 1 फरवरी से 15 फरवरी 2026 के बीच किया गया था और तीनों संकायों का परिणाम एक साथ जारी किया गया। बिहार बोर्ड की इस सफलता के पीछे तकनीकी सुधार और आधुनिक परीक्षा प्रणाली की बड़ी भूमिका रही है। इस वर्ष भी प्री-प्रिंटेड उत्तर पुस्तिकाएं, ओएमआर शीट (बारकोड और लिथोकोड के साथ) तथा कंप्यूटरीकृत मूल्यांकन प्रणाली का इस्तेमाल किया गया। कॉपियों के अंकों की एंट्री सीधे कंप्यूटर के माध्यम से की गई, जिससे प्रक्रिया तेज और पारदर्शी बनी।
इसके अलावा, सभी विषयों में प्रश्नपत्रों के 10 सेट तैयार किए गए थे और छात्राओं के लिए राज्यभर में 152 मॉडल परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। इन सभी नवाचारों के कारण बिहार बोर्ड लगातार देश का सबसे तेज और तकनीक-आधारित परीक्षा बोर्ड बनता जा रहा है। पिछले साल 2025 में भी 86% से अधिक छात्र सफल हुए थे। इस बार भी बेहतर परिणाम के साथ बोर्ड ने अपनी विश्वसनीयता और कार्यकुशलता को एक बार फिर साबित कर दिया है।