नालंदा जिले के हिलसा अनुमंडल क्षेत्र में शुक्रवार शाम उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब बाईपास निर्माण कार्य के दौरान एक पोकलेन चालक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और मौके पर काम कर रहे मजदूरों में भगदड़ की स्थिति बन गई। मामला हिलसा थाना क्षेत्र के त्रिलोक बिगहा गांव के पास चल रहे पूर्वी बाईपास निर्माण स्थल का है। मृतक की पहचान झारखंड के चतरा जिले के पथरी गांव निवासी 32 वर्षीय कुलदीप यादव के रूप में हुई है, जो निर्माण स्थल पर पोकलेन मशीन चला रहा था।
यह भी पढ़ें: राहत या आफत ? बिहार में आंधी-बारिश ने ली जानें, कई जिलों में अलर्ट जारी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक सवार नकाबपोश हथियारबंद अपराधी अचानक साइट पर पहुंचा और वहां मौजूद इंजीनियर को निशाना बनाने की कोशिश की। हालांकि, वह अपने मंसूबे में सफल नहीं हो सका। इसके बाद उसने पोकलेन चालक कुलदीप यादव के सीने में गोली मार दी और मौके से फरार हो गया। गोली की आवाज सुनते ही वहां मौजूद मजदूरों में अफरा-तफरी मच गई।
यह भी पढ़ें: गांधी मैदान में सजेगा बिहार का महाउत्सव, 3 दिन तक दिखेगी ‘उन्नत बिहार’ की झलक
घटना के तुरंत बाद घायल चालक को मजदूरों की मदद से हिलसा अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही हिलसा थानाध्यक्ष अभिजीत कुमार, एएसपी शैलजा और एसडीओ अमित कुमार पटेल सहित भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिहार शरीफ अस्पताल भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में लेवी को लेकर विवाद की आशंका जताई जा रही है, हालांकि आधिकारिक तौर पर इसकी पुष्टि नहीं हुई है। एएसपी शैलजा ने बताया कि आसपास के गांव में दो पक्षों के बीच विवाद की भी जानकारी सामने आई है। फिलहाल सभी पहलुओं पर जांच जारी है और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।