छठ जैसे आस्था और शांति के पर्व के बीच अगर हिंसा की खबर सामने आए, तो यह सिर्फ एक अपराध नहीं बल्कि समाज के बदलते मिजाज पर गंभीर सवाल भी खड़ा करता है। गया जिले से आई यह घटना इसी कड़वी सच्चाई को उजागर करती है, जहां एक मामूली विवाद ने एक परिवार की खुशियां हमेशा के लिए छीन लीं। गया जिले के कोंच प्रखंड स्थित गौहरपुर गांव में छठ घाट पर सफाई और तैयारी के दौरान एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान धर्मेंद्र गिरी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि गांव में छठ पर्व को लेकर घाटों की साफ-सफाई और सजावट का काम चल रहा था। इसी दौरान एक प्लेट नाली में गिर गई, जिसे निकालने को लेकर विवाद शुरू हुआ।
यह भी पढ़ें: मलाही पकड़ी मेट्रो स्टेशन हो गया है तैयार , फिर भी रुकी पटना मेट्रो....जानिए वजह
ग्रामीणों के कहने पर धर्मेंद्र गिरी ने प्लेट को नाली से निकालकर गली किनारे रख दिया। लेकिन इसी बात को लेकर कुछ लोगों ने आपत्ति जताई और देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि गांव के ही चंद्रमोहन गिरी और उनके परिवार के सदस्यों ने मिलकर धर्मेंद्र गिरी पर हमला कर दिया। लाठी-डंडों से की गई इस पिटाई में वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
यह भी पढ़ें: चैती छठ पर मौसम मेहरबान, लेकिन 48 घंटे बाद आसमान दिखाएगा तेवर!
घटना के बाद परिजन और ग्रामीण उन्हें तुरंत कोंच सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही गांव में मातम पसर गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना मिलते ही कोंच थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए मगध मेडिकल कॉलेज भेज दिया। थाना प्रभारी सुदेह कुमार ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। फिलहाल, इस घटना ने एक बार फिर यह सोचने पर मजबूर कर दिया है कि छोटी-छोटी बातों पर बढ़ता गुस्सा और असहिष्णुता समाज के लिए कितना घातक साबित हो रहा है।
यह भी पढ़ें: 24 मार्च राशिफल: आज किस्मत देगी साथ या लेगी परीक्षा? जानें सभी राशियों का हाल