बिहार के वैशाली जिले के महनार थाना क्षेत्र स्थित बहलोलपुर दियारा एक बार फिर गोलियों की गूंज से दहल उठा। शुक्रवार को भैंस चराने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते दो गुटों के बीच हिंसक झड़प में बदल गया, जिसमें जमकर फायरिंग की गई। अचानक हुई गोलीबारी से इलाके में अफरातफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
यह भी पढ़ें : 15 किलो सोना लूट मामले में पुलिस को मिली बड़ी सफलता, घटना के तुरंत बाद बिहार के बाहर भाग गए थे सभी अपराधी
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस के साथ डायल 112 की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए वैशाली, समस्तीपुर और पटना जिले की पुलिस को भी अलर्ट किया गया। तीन जिलों की पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर हालात को नियंत्रित करने और पूरे मामले की जांच में जुट गई है।प्राथमिक जानकारी के अनुसार, बहलोलपुर दियारा में भैंस चराने को लेकर दो पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई। धीरे-धीरे विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों ओर से फायरिंग शुरू हो गई। घटना स्थल को लेकर भी असमंजस की स्थिति बनी हुई है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, यह इलाका जुड़ावनपुर थाना क्षेत्र में आता है, जबकि महनार थाना की सीमा महज 300 मीटर दूर है। जिस जमीन को लेकर विवाद हुआ, उसका मालिक महनार थाना क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है।
यह भी पढ़ें : जिस पर था भरोसा, वही निकला कातिल, जहानाबाद मर्डर केस में बड़ा खुलासा
फिलहाल पुलिस पूरे इलाके में कैंप कर रही है और स्थिति पर नजर बनाए हुए है। इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है। खास बात यह है कि बहलोलपुर दियारा तीन जिलों और चार थाना क्षेत्रों की सीमा पर स्थित है, जिससे यह क्षेत्र लंबे समय से अपराधियों के लिए सुरक्षित ठिकाना बना हुआ है। स्थानीय लोगों के अनुसार, दूर-दराज और सुनसान इलाका होने के कारण यहां पुलिस की गश्ती भी सीमित रहती है, जिसका फायदा उठाकर अपराधी अक्सर यहां शरण लेते हैं। इसी क्षेत्र में कुछ साल पहले एसटीएफ ने मुठभेड़ में कुख्यात अपराधी मनीष कुमार को मार गिराया था। पुलिस ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और सीमा निर्धारण के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।