तुमको मौका दिए तो तुम कमाने लगे, CM नीतीश ने तेजस्वी को कहा 'बैठे रहो मेरे काम से सबको हो रहा है फायदा..'
पटना: बिहार विधानसभा बजट सत्र के चौथे दिन राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा खत्म हो गई। इस दौरान नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने नीतीश सरकार पर जम कर निशाना साधा तो दूसरी तरफ डिप्टी सीएम विजय सिन्हा ने भी करारा पलटवार किया। इसके साथ ही मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी सदन को संबोधित किया और अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाई। इस दौरान उन्होंने लालू सरकार पर भी जम कर निशाना साधा वहीं जब नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने कुछ बोलने की कोशिश की तो सीएम नीतीश ने उन्हें डांट कर चुप करवा दिया और कहा कि बैठो।
सीएम नीतीश ने लालू -राबड़ी कार्यकाल की याद दिलाते हुए बिहार के विकास का दावा किया। इस दौरान तेजस्वी यादव ने उन्हें रोकने की कोशिश की तो सीएम नीतीश ने कहा कि तुम बैठे रहो और चुपचाप सुनो। हमलोग सारा योजना बनाये हुए थे और जब तुमको साथ लाये तो उसी के अनुसार काम हुआ। तुमको भी काम करने का मौका दिए लेकिन तुम उससे पैसा कमाने लगे। इधर उधर करने लगे तब न फिर तुमको हटाये हम। तुम कुछ मत बोलो और चुपचाप बैठे रहो।
यह भी पढ़ें - शेरो शायरी के साथ सदन में बैठ कर सरकार पर हमलावर रहे तेजस्वी यादव, कहा 'हम भी देंगे साथ अगर...'
इस दौरान सीएम नीतीश की बातें सुन तेजस्वी यादव तीन बार बोलने की कोशिश करते दिखे लेकिन सीएम नीतीश ने उन्हें हर बार चुप करवा दिया। इस दौरान सदन में मौजूद सभी सदस्य हंसते हुए नजर आये और सीएम नीतीश ने भी हँसते हुए दोहराया कि सारा काम तो हम ही न किये हैं। तुम्हारे पिता जब जेल गए तो तुम्हारी मां को सीएम बना दिए। पहले लोग 5 बजे के बाद घर से नहीं निकलते थे, अभी देख लो क्या स्थिति है। और तुम सब लोग शांत रहो। हम जो भी काम कर रहे हैं वह तो सब के लिए कर रहे हैं न तो तुम्हारा घर भी तो बिहार में ही है। सबको फायदा हो ही रहा है इसलिए अभी कुछ मत बोलो और चुपचाप सुनते रहो। हमारी योजनाओं का लाभ सब को मिल रहा है और आगे भी मिलता रहेगा।
यह भी पढ़ें - बिहार भौकाल नहीं जनसरोकार से चलेगा, डिप्टी सीएम ने तेजस्वी के भाषण पर किया जोरदार पलटवार...