बिहार के आरा शहर में बुधवार की रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। टाउन थाना क्षेत्र के पश्चिम टोला मोहल्ले में हथियारबंद बदमाशों ने एक 22 वर्षीय बाइक सर्विसिंग मैकेनिक की गोली मारकर हत्या कर दी। इस घटना के बाद इलाके में दहशत और सनसनी फैल गई है। मृतक की पहचान चौधरीयाना मोहल्ला, वार्ड नंबर-9 निवासी मो. सगीर के पुत्र मो. अफरोज के रूप में हुई है। वह पेशे से बाइक मैकेनिक था और अपने परिवार का सहारा था। जानकारी के मुताबिक, अफरोज बुधवार को बाइक के पार्ट्स खरीदने के लिए पटना गया था। देर रात जब वह ट्रेन से लौटकर पश्चिम टोला इलाके से अपने घर जा रहा था, उसी दौरान यह वारदात हुई।
यह भी पढ़ें : पहले पति को बेरहमी से उतारा मौत के घाट, फिर बोली- ‘मुझे बंद कर लो’… पूर्णिया की चौंकाने वाली वारदात
बताया जा रहा है कि जिस जगह घटना हुई, वहां पहले से कुछ लोगों के बीच विवाद चल रहा था। इसी बीच अचानक हथियारबंद बदमाशों ने अफरोज को निशाना बनाते हुए बेहद करीब से दो गोलियां मार दीं। एक गोली उसके बाएं हाथ में और दूसरी सीने के पास लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और उसे तुरंत इलाज के लिए सदर अस्पताल ले गए, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
यह भी पढ़ें : अप्रैल में तपेगा बिहार या बरसेगा आसमान? मौसम देगा डबल झटका
सूचना पर टाउन थाना अध्यक्ष देवराज राय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया है कि अफरोज को निशाना बनाकर गोली मारी गई या वह किसी और विवाद का शिकार हो गया। परिवार में मातम पसरा हुआ है। मृतक अपनी मां रजिया परवीन, एक भाई और दो बहनों के साथ रहता था। उसकी मौत के बाद पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच में जुटी हुई है।