पूर्णिया के कसबा थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है, जहां एक मामूली घरेलू विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। वार्ड संख्या-9 स्थित राधा नगर गांव में एक पत्नी ने अपने ही पति की धारदार हसुआ से गला रेतकर हत्या कर दी और फिर साक्ष्य मिटाने के लिए शव को करीब 30 किलोमीटर दूर फेंक दिया।
मृतक की पहचान 45 वर्षीय उमेश सिंह के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, मंगलवार रात उमेश और उसकी पत्नी सुनीता देवी के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। यह विवाद धीरे-धीरे इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर सुनीता ने घर में रखे हसुआ से पति पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से उमेश की मौके पर ही मौत हो गई।
यह भी पढ़ें : अप्रैल में तपेगा बिहार या बरसेगा आसमान? मौसम देगा डबल झटका
हत्या के बाद आरोपी महिला ने बेहद शातिर तरीके से शव को एक बोरे में बंद किया और उसे ठिकाने लगाने के लिए अमौर थाना क्षेत्र के पलसा घाट पुल के पास फेंक आई। घटना को छुपाने की उसकी कोशिश तब नाकाम हो गई, जब उसने खुद ही एक अजीब कदम उठा लिया। दरअसल, हत्या के बाद सुनीता देवी सीधे सेंट्रल जेल पहुंच गई और वहां अधिकारियों से खुद को बंद करने की जिद करने लगी। महिला की संदिग्ध हरकतों को देखते हुए जेल प्रशासन ने तुरंत केहाट थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस की पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
यह भी पढ़ें : आज हनुमान जयंती: क्यों मानी जाती है सबसे शक्तिशाली पूजा? जानें पूरी मान्यता
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर पलसा घाट से शव बरामद कर लिया है। साथ ही, मामले में एक पड़ोसी महेंद्र सिंह को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। आशंका जताई जा रही है कि शव को इतनी दूर ले जाने में महिला को किसी अन्य व्यक्ति की मदद मिली हो सकती है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी है।




