सिनेमा प्रेमियों के लिए आज का दिन बेहद खास होने वाला है, क्योंकि साल की सबसे चर्चित फिल्मों में शामिल ‘रामायण’ का पहला टीज़र ‘Rama’ आज मुंबई में एक भव्य इवेंट के दौरान लॉन्च किया जाएगा। इस मेगा लॉन्च को लेकर पहले से ही जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। निर्देशक नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही इस फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम की भूमिका निभा रहे हैं। वहीं साई पल्लवी सीता और साउथ सुपरस्टार यश रावण के किरदार में नजर आएंगे। फिल्म को प्रोड्यूस कर रहे नमित मल्होत्रा ने 31 मार्च को आधिकारिक तौर पर टीज़र लॉन्च की घोषणा की थी। खास बात यह है कि इसे हनुमान जयंती के पावन अवसर पर रिलीज किया जा रहा है, जिससे इसकी धार्मिक और सांस्कृतिक अहमियत और बढ़ जाती है।

मुंबई में होने वाले इस ग्रैंड इवेंट में रणबीर कपूर और नितेश तिवारी खुद मौजूद रहेंगे। सबसे पहले टीज़र को चुनिंदा मेहमानों के लिए प्रदर्शित किया जाएगा, जिसके बाद इसे ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स पर रिलीज किया जाएगा, ताकि दुनियाभर के दर्शक इसे देख सकें।



सूत्रों के मुताबिक, ‘Rama’ टीज़र दो मिनट से ज्यादा लंबा होगा, जिसमें सिर्फ झलक नहीं बल्कि फिल्म के विज़न, किरदारों के लुक और कहानी की दिशा का भी अंदाजा मिलेगा। खासतौर पर रणबीर कपूर का भगवान राम के रूप में पहला लुक दर्शकों के लिए सबसे बड़ा आकर्षण होगा। इस भूमिका को लेकर रणबीर पहले ही कह चुके हैं कि यह उनके करियर का सबसे चुनौतीपूर्ण और आध्यात्मिक अनुभव रहा है।

फिल्म के टीज़र को लेकर अमेरिका और मुंबई में हुई प्राइवेट स्क्रीनिंग्स से जो शुरुआती प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं, वे बेहद सकारात्मक हैं। कई लोगों ने इसे “विज़ुअल वंडर” बताया है और कहा है कि यह भारतीय पौराणिक कथा को आधुनिक तकनीक के साथ एक नए स्तर पर पेश करेगी। ‘रामायण’ को दो भागों में रिलीज किया जाएगा—पहला भाग दिवाली 2026 और दूसरा भाग दिवाली 2027 में सिनेमाघरों में आएगा। अब देखना दिलचस्प होगा कि ‘Rama’ का यह पहला टीज़र दर्शकों की उम्मीदों पर कितना खरा उतरता है।