बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में आयोजित एक पशु मेले के दौरान उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब भोजपुरी सुपरस्टार खेसारी लाल यादव के कार्यक्रम से ठीक पहले भीड़ बेकाबू हो गई। यह मेला औराई के पूर्व बीजेपी विधायक रामसूरत राय द्वारा गरहा थाना क्षेत्र में आयोजित किया गया था। बताया जा रहा है कि बुधवार शाम जैसे ही खेसारी लाल यादव के मंच पर आने की खबर फैली, मेले में हजारों की संख्या में लोग जुट गए। भीड़ इतनी अधिक हो गई कि सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई और लोगों के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई। देखते ही देखते हालात बिगड़ गए और भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।

यह भी पढ़ें : अचानक धड़ाम हुए सोना चांदी के दाम ! चांदी 1300 सस्ती, ट्रम्प के बयान से बाज़ार में मचा हडकंप

स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए पुलिस को हल्का लाठीचार्ज करना पड़ा। इसके बाद किसी तरह भीड़ को तितर-बितर किया गया और हालात पर काबू पाया गया। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें लोगों की भाग-दौड़ और पुलिस कार्रवाई साफ देखी जा सकती है।गौरतलब है कि हाल ही में नालंदा के एक मंदिर में भगदड़ की घटना सामने आई थी, जिसके बाद प्रशासन को सतर्क रहने की जरूरत थी। बावजूद इसके, इतने बड़े कार्यक्रम में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए, जिससे प्रशासन पर सवाल उठ रहे हैं।

यह भी पढ़ें : हनुमान जयंती पर रणबीर कपूर की मूवी 'रामायण' का महा-धमाका - आज रिलीज़ होगा रामायण का टीज़र

इस मेले में विवाद की यह पहली घटना नहीं है। दो दिन पहले ही थिएटर स्टेज पर डांसरों के बीच मारपीट का मामला सामने आया था, जिसका वीडियो भी वायरल हुआ था। लगातार हो रही घटनाएं मेले की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रही हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आयोजकों से भी जवाब-तलब किया जा रहा है। साथ ही, भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा उपायों पर भी विचार किया जा रहा है।