पटना जिले के बिहटा थाना क्षेत्र स्थित राघोपुर में एक पॉलिटेक्निक छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फ़ैल गई है मृतका की पहचान अनुपमा कुमारी के रूप में हुई है, जो औरंगाबाद जिले के ओबरा प्रखंड अंतर्गत मलवा डिहुरी गांव की रहने वाली थी। वह राघोपुर में किराए के कमरे में रहकर एक निजी पॉलिटेक्निक संस्थान में पढ़ाई कर रही थी।
यह भी पढ़ें : निशांत इस बात के लिए नहीं हो रहे हैं तैयार, जदयू की तरफ से नीतीश किसे बनायेंगे अपना चेहरा?
सोमवार को छात्रा का शव उसके कमरे में संदिग्ध हालत में मिलने के बाद स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही बिहटा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल जांच शुरू कर दी। पुलिस ने कमरे को सील कर दिया है और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। इधर, मृतका के परिजनों ने इस घटना को हत्या करार देते हुए गंभीर साजिश की आशंका जताई है। पिता अशोक कुमार ने साफ तौर पर कहा कि उनकी बेटी की हत्या की गई है और मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। परिजनों का आरोप है कि बिना गहन जांच के सच्चाई सामने नहीं आ पाएगी।
यह भी पढ़ें : बिहार में अब खत्म हो गया नीतीश युग, राज्यपाल को सौंपा इस्तीफा, अगला CM कौन?
मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम भी मौके पर पहुंची और जरूरी साक्ष्य एकत्र किए। वहीं, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी संभावित पहलुओं पर जांच की जा रही है और किसी भी एंगल को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा। दरोगा कृष्णा कुमार ने बताया कि पुलिस को टेलीफोन के माध्यम से घटना की सूचना मिली थी, जिसके बाद टीम तुरंत मौके पर पहुंची। फिलहाल शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल इस घटना ने पूरे इलाके में दहशत और कई सवाल खड़े कर दिए हैं, जिनका जवाब अब पुलिस जांच पर टिका हुआ है।