बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई तेज होती नजर आ रही है। ताजा मामला किशनगंज जिले से सामने आया है, जहां नगर थाना के थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार रंजन के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का गंभीर आरोप लगा है। विश्वस्त सूत्रों से प्राप्त जानकारी के सत्यापन के बाद आर्थिक अपराध इकाई ने उनके खिलाफ केस दर्ज कर बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें : आज का दिन कैसा रहेगा? पढ़ें सभी 12 राशियों का हाल
आर्थिक अपराध इकाई थाना कांड संख्या-05/26, दिनांक 13 अप्रैल 2026 के तहत भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) की धारा 13(2) सहपठित धारा 13(1)(बी) के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई है। जांच के दौरान यह सामने आया है कि अभिषेक कुमार रंजन ने अपनी ज्ञात आय से करीब 1 करोड़ 70 लाख 22 हजार रुपये अधिक संपत्ति अर्जित की है, जो उनकी आय से लगभग 115.66% ज्यादा है।
यह भी पढ़ें : मोबाइल और रुपए नहीं देने पर अपराधियों ने मारी गोली, घायल हालत में युवक भागा, अस्पताल में चल रहा इलाज
मामले को गंभीर मानते हुए माननीय विशेष न्यायालय निगरानी, पटना से तलाशी वारंट प्राप्त किया गया। इसके बाद 14 अप्रैल 2026 की सुबह से ही पटना, छपरा और किशनगंज स्थित उनके कुल पांच अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी गई। यह कार्रवाई पुलिस उपाधीक्षक स्तर के अधिकारियों के नेतृत्व में अलग-अलग टीमों द्वारा की जा रही है। फिलहाल तलाशी अभियान जारी है और अधिकारियों का कहना है कि कार्रवाई पूरी होने के बाद ही विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी। इस मामले ने पुलिस महकमे में हलचल मचा दी है और आगे कई बड़े खुलासों की संभावना जताई जा रही है।




