दरभंगा: दरभंगा से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है जहां एक नाबालिग विवाहिता की संदिग्ध स्थिति में मौत हो गई। मामला सामने आने के परिजनों में कोहराम मच गया वहीं पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। परिजनों ने नाबालिग के पति पर हत्या करने का आरोप लगाया है। घटना दरभंगा के कुशेश्वरस्थान थाना क्षेत्र के नगर पंचायत अंतर्गत सम्राट चौक के समीप की है। घटना के संबंध में मृतिका के परिजनों ने बताया कि दूसरे समुदाय के एक युवक ने उनकी नाबालिग बेटी को बहला फुसला कर भगा लिया था और उससे शादी कर ली। इस मामले में पुलिस में शिकायत भी दर्ज कराई गई थी लेकिन उस दौरान ठोस कार्रवाई नहीं कई गई।
मृतिका के पिता ने आरोप लगाया कि उस युवक ने जबरन इस्लाम कुबूल करने के दबाव भी बनाना शुरू कर दिया था लेकिन मेरी बेटी तैयार नहीं हुई तो उसकी हत्या कर दी। परिजनों ने कहा कि अगर पुलिस समय पर कार्रवाई करती तो आज मेरी बेटी की मौत नहीं होती। परिजनों के अनुसार, इस दौरान लड़की ने परिवार से कोई संपर्क नहीं किया, जिससे वे लगातार चिंतित थे। काफी खोजबीन के बाद अब उसकी लाश मिलने से पूरे मामले ने गंभीर रूप ले लिया है। परिवार का कहना है कि यह सिर्फ संदिग्ध मौत नहीं, बल्कि सुनियोजित हत्या है।
मृतका की चाची संतोषी देवी ने बताया कि जब लड़की को युवक अपने साथ ले गया था, तब परिवार ने कई बार उसे वापस करने की अपील की थी, लेकिन उनकी बात नहीं सुनी गई। परिवार ने यह सोचकर सख्त कदम नहीं उठाया कि लड़की अपनी मर्जी से गई होगी, लेकिन अब उसकी मौत ने सबको झकझोर कर रख दिया है। वहीं, मृतका के मौसा अरविंद पासवान ने बताया कि घटना के दिन आरोपी युवक घर से भागने की कोशिश कर रहा था। जब उसे पकड़ने का प्रयास किया गया, तो उसने चाकू से हमला कर दिया, जिसमें वे घायल हो गए और आरोपी फरार हो गया। इस घटना के बाद परिजनों में आक्रोश और भय का माहौल है। परिवार ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।




