पटना के दानापुर इलाके में एक युवक की पिटाई के बाद मौत का मामला सामने आया है, जिससे इलाके में तनाव का माहौल बन गया। घटना दानापुर थाना क्षेत्र के तकिया मोहल्ले की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, बिट्टू उर्फ पलकिया नामक युवक के साथ कुछ युवकों ने मिलकर मारपीट की, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
यह भी पढ़ें: बिहार में मौसम का खतरनाक ट्विस्ट ! कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट, जानें क्या होगा असर
परिजनों ने उसे तत्काल इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटनास्थल से ईंट और लोहे की रॉड मिलने की बात भी सामने आई है, जिससे घटना की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा रहा है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। घटना की खबर मिलते ही स्थानीय लोगों और परिजनों में आक्रोश फैल गया। गुस्साए लोगों ने दानापुर गांधी मैदान मुख्य सड़क पर आगजनी कर जाम लगा दिया और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग करने लगे। प्रदर्शन के कारण कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।
मृतक की मां का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने कहा कि उनके बेटे के साथ जो हुआ, उसके दोषियों को जल्द सजा मिलनी चाहिए। वहीं नानी ने बताया कि बिट्टू बचपन से ननिहाल में ही रह रहा था और हाल ही में परिवार के एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए दिल्ली से लौटा था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाकर जाम हटवाया और स्थिति को नियंत्रित किया। दानापुर थाना अध्यक्ष प्रशांत कुमार भारद्वाज ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
यह भी पढ़ें: आज का राशिफल : जानें आज का दिन कैसा रहेगा? मेष से मीन तक का राशिफल