बिहार में शुक्रवार को मौसम ने अचानक करवट ले ली है। मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में आंधी-बारिश के साथ ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की है। खासकर मधुबनी, सुपौल, अररिया, कटिहार, किशनगंज, पूर्णिया, भागलपुर और बांका जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जहां तेज हवाओं के साथ ओले गिरने की आशंका जताई गई है।

राजधानी पटना में भी अगले दो दिनों तक मौसम बदला हुआ रहेगा। शुक्रवार को शहर में घने बादल छाए रहने का अनुमान है और गरज-चमक के साथ एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। आज पटना का न्यूनतम तापमान 19 डिग्री और अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। वहीं आर्द्रता 23 प्रतिशत और वायुमंडलीय दबाव 1009 हेक्टोपास्कल के आसपास रहेगा।

यह भी पढ़ें: आज का राशिफल : जानें आज का दिन कैसा रहेगा? मेष से मीन तक का राशिफल

मौसम विभाग के अनुसार, पूरे बिहार में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इस बदलाव के चलते अगले दो दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री और न्यूनतम तापमान में 3 से 5 डिग्री तक गिरावट संभव है। इससे लोगों को गर्मी से आंशिक राहत मिलने की उम्मीद है। गुरुवार को भी राज्य के कई जिलों में 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं। इस दौरान मधुबनी में सबसे तेज 30 किमी/घंटा की रफ्तार दर्ज की गई। वहीं कैमूर के भभुआ में 36.5 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे अधिक तापमान रिकॉर्ड किया गया, जबकि औरंगाबाद में 15.6 डिग्री के साथ सबसे कम तापमान दर्ज हुआ।

यह भी पढ़ें: पटना साहिब गुरुद्वारा में खुलने जा रहा है Six- Level Parking और accommodation, जानिए कैसे बदलेगी हरमंदिर गली की तस्वीर

भागलपुर में पिछले कई दिनों से बढ़ी आर्द्रता और उमस ने लोगों को परेशान किया है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, पूर्वी उत्तर प्रदेश में सक्रिय चक्रवाती सिस्टम के असर से शुक्रवार और शनिवार को धूल भरी आंधी के साथ हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। कुल मिलाकर, अगले 48 घंटे बिहार के मौसम के लिए अहम रहने वाले हैं, जहां तेज हवाओं और बारिश के बीच लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।