पटना: बिहार में मंगलवार को EOU की टीम ने ताबड़तोड़ कई जिलों में कार्रवाई की। एक तरफ जहां किशनगंज के एसडीपीओ गौतम कुमार के कई ठिकानो पर छापेमारी की तो दूसरी तरफ सहरसा में DRDA के डायरेक्टर वैभव कुमार के सरकारी आवास और कार्यालय समेत 6 ठिकानों पर छापेमारी की। इस दौरान EOU की टीम ने आय से करीब 78.03 प्रतिशत अधिक अवैध संपत्ति के साक्ष्य बरामद किया। उनके ठिकानों से EOU की टीम ने कई जमीन खरीद के साथ ही भवन निर्माण और अन्य संपत्तियों में निवेश के साक्ष्य बरामद किये हैं।
मामले में EOU से मिली जानकारी के अनुसार सहरसा में DRDA के डायरेक्टर के पद पर पदस्थापित बिहार लोक सेवा आयोग के अधिकारी वैभव कुमार के विरुद्ध आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप में मामला दर्ज किया गया था। दर्ज मामला के आधार पर कई डीएसपी के नेतृत्व में अलग अलग टीम गठित कर उनके सहरसा में स्थित कार्यालय, आवास, मुजफ्फरपुर में स्थित पैतृक आवास समेत कुल 6 ठिकानो पर छापेमारी की गई। छापेमारी के दौरान EOU की टीम ने भूमि खरीद और मकान निर्माण समेत अन्य संपत्तियों का साक्ष्य इकट्ठा किया है।
यह भी पढ़ें - किशनगंज के डीएसपी ने गर्लफ्रेंड के नाम से भी ले रखी थी जमीन, राज्य के कई शहरों में है करोड़ों की बेनामी संपत्ति
EOU की कार्रवाई के दौरान बरामद जमीन से जुड़े दस्तावेज के अनुसार वैभव कुमार ने खुद, अपने पिता, पत्नी और बेटी के नाम से मुजफ्फरपुर में विभिन्न स्थानों पर 16 जमीन खरीदी है। इसके साथ ही उन्होंने अपने IIT संस्थान में भवन निर्माण एवं अन्य मामलों में काफी रूपये खर्च किये हैं जबकि मुजफ्फरपुर में दो जगहों पर मकान निर्माण करवाया और गाड़ियाँ भी खरीदी।
EOU से मिली जानकारी के अनुसार नौकरी ज्वाइन करने से पहले अधिकारी वैभव कुमार के पास इतनी संपत्ति नहीं थी लेकिन नौकरी शुरू करने के बाद उन्होंने अकूत संपत्ति अवैध तरीके से अर्जित की। अब तक के जांच के अनुसार उन्होंने अपनी आय से करीब 78.03 प्रतिशत अधिक संपत्ति अवैध तरीके से अर्जित की है। फिलहाल इस मामले में EOU की टीम लगातार कार्रवाई और जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें - विधानसभा की समितियों में बाहुबली धूमल सिंह और अनंत सिंह भी शामिल, RJD-कांग्रेस के बागी विधायकों को भी मिला...
पटना से चंदन तिवारी की रिपोर्ट