बिहार के गया शहर से एक चौंकाने वाली और दर्दनाक घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। चंदौती थाना क्षेत्र के दाराचक गाँव निवासी विजय चौधरी की संदिग्ध परिस्थतियों में मौत हो गई। इस घटना के बाद गाँव में मातम पसरा हुआ है, जबकी परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है। मिली जानकारी के अनुसार, विजय चौधरी को उनके परिचित आकाश यादव अपने कुछ साथियों के साथ जन्मदिन मनाने के बहाने गोईरा गांव के पास ले गया था। बताया जा रहा है कि पार्टी के दौरान किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। इसी दौरान गोली चलने की बात सामने आई है, जिसमें विजय गंभीर रूप से घायल हो गए।

यह भी पढ़ें : बिहार को मिला 24वां मुख्यमंत्री, सम्राट चौधरी ने ली शपथ, दो डिप्टी CM के साथ नई सरकार

घटना के बाद आरोपी घबरा गए और घायल विजय को एंबुलेंस से पटना ले जाने लगे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। चौंकाने वाली बात यह रही कि मौत होते ही आरोपी एंबुलेंस में शव छोड़कर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।

यह भी पढ़ें : नो वर्क, नो टॉलरेंस - बिहार में 41 अफसरों को किया ससपेंड, प्रशासन का सख्त एक्शन

परिजनों का आरोप है कि यह कोई हादसा नहीं, बल्कि सुनियोजित हत्या है। उनका कहना है कि विजय को जानबूझकर फंसाकर ले जाया गया और फिर उनकी हत्या कर दी गई। वहीं चंदौती थानाध्यक्ष का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला हर्ष फायरिंग से जुड़ा प्रतीत होता है, लेकिन हत्या के आरोपों को भी गंभीरता से लिया जा रहा है। पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश जारी है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। मृतक अपने पीछे एक बेटा और एक बेटी छोड़ गए हैं, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।