गया जी: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपनी समृद्धि यात्रा के तहत शुक्रवार को गयाजी पहुंचे जहां उन्होंने करोड़ों रूपये की योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने एक जनसभा को संबोधित किया। जनसभा में सीएम के संबोधन के बाद एक अजीबोगरीब नजारा देखने को मिला। दरअसल जैसे ही सभा खत्म हुई वहां मौजूद लोग बगल के खेतों में पहुँचने लगे और वहां से फिर भागने लगे। इस दौरान पुलिस भी लोगों को खेत की तरफ जाने से रोकने का असफल प्रयास करती दिखी लेकिन लोग थे कि मानने का नाम नहीं ले रहे थे।
शुक्रवार को सीएम नीतीश गया जी के टनकुप्पा प्रखंड के मायापुर गांव में जनसभा करने पहुंचे थे। इस दौरान जब जनसभा खत्म हुई तो वहां मौजूद लोग अचानक बगल के खेतों में जाने लगे और वहां चना तोड़ने लगे। लोग खेतों से चना तोड़ कर अपने घरों की तरफ भागने लगे वहीं इस दौरान पुलिसकर्मियों के हाथ में भी चना दिखी और वे खाते भी दिखे। मीडिया का कैमरा देख कई पुलिसकर्मियों ने अपने हाथ से चना गिरा दिया जबकि कुछ ने छुपा लिया। अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर काफी तेजी से वायरल हो रहा है। सीएम के जनसभा में लोगों का अचानक इस तरह से अनियंत्रित होना भी बड़े सवाल खड़े करती है। फ़िलहाल इस मामले में स्थानीय अधिकारी कुछ भी कहने से बचते नजर आ रहे हैं।
यह भी पढ़ें - इससे पहले CM नीतीश को देना होगा इस्तीफा नहीं तो चली जाएगी राज्यसभा की सदस्यता, पढ़ें क्या क्या है नियम कानून...
बता दें कि समृद्धि यात्रा के चौथे चरण के अंतिम दिन सीएम नीतीश ने गया जी और औरंगाबाद जिले का दौरा किया। दोनों जगहों पर सीएम ने करोड़ों रूपये की योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया साथ ही पहले से चल रही योजनाओं का निरीक्षण और समीक्षा भी की। इसके साथ ही सीएम ने जनसभा को संबोधित किया। अब सीएम अपनी यात्रा की पांचवें चरण में सोमवार को निकलेंगे और पटना में यात्रा का समापन होगा।
यह भी पढ़ें - शराब चीज ही ऐसी है..., छापेमारी के दौरान उलझ गये दो विभाग के कर्मी और हुई मारपीट, एक जख्मी...
गया जी से मनीष कुमार की रिपोर्ट