नई दिल्ली: राज्यसभा के नवमनोनीत सांसद हरिवंश एक बार फिर से निर्विरोध उपसभापति चुन लिए गए हैं। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने हरिवंश को बीते 10 अप्रैल को राज्यसभा सदस्य के लिए मनोनीत किया था और अब 17 अप्रैल को वह एक बार फिर से उपसभापति चुन लिए गए हैं। पत्रकारिता से राजनीति में आये हरिवंश का यह उप सभापति के रूप में तीसरा कार्यकाल होगा। उनका पिछला कार्यकाल 9 अप्रैल को खत्म हुआ था जिसके बाद अगले ही दिन राष्ट्रपति ने उन्हें सदस्य के रूप में मनोनीत किया था और अब विशेष सत्र के दौरान उन्हें एक बार फिर उप सभापति के रूप में चुना गया है।
यह भी पढ़ें - सम्राट की सरकार में सुबह सुबह जेल में छापेमारी, राज्य के कई जिलों में औचक निरीक्षण
राज्यसभा में केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने हरिवंश को उप सभापति निर्वाचित किये जाने के लिए प्रस्ताव पेश किया जिसका समर्थन एस फाग्नोन कोंयक ने किया। इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे ने उन्हें बधाई दी। इस दौरान पीएम मोदी ने कहा कि लगातार तीसरी बार इस पद पर चुना जाना इस बात का सबूत है कि पूरे सदन को उनके ऊपर भरोसा है। हरिवंश जी ने अपने अनुभव और संतुलित नेतृत्व से सदन की कार्यवाही को बेहतर बनाया है और सभी को साथ लेकर चलने की कोशिश की है। हरिवंश सिर्फ सदन चलाते ही नहीं बल्कि अपने अनुभव से उसे और मजबूत भी बनाते हैं। पीएम ने एक बार फिर भरोसा जताया कि उनका नया कार्यकाल भी उसी संतुलन, समर्पण और निष्पक्षता के साथ आगे बढ़ेगा।
यह भी पढ़ें - महिला आरक्षण बिल पर आज वोटिंग, विपक्ष एकजुटता दिखाने की तैयारी में, PM मोदी ने कहा श्रेय विपक्ष को भी जायेगा