पटना: नीतीश कुमार के सीएम पद से इस्तीफा देने के बाद अब बिहार में नई सरकार का गठन हो गया है। नई सरकार के गठन के बाद जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार ने 20 अप्रैल को पार्टी के विधायकों की बड़ी बैठक बुलाई है। यह बैठक उनके नए सरकारी आवास 7 सर्कुलर रोड में आयोजित की जाएगी। हालांकि बैठक के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है लेकिन संभावना जताई जा रही है कि इस दौरान विधान सभा में पार्टी का नेता चुना जायेगा।
इससे पहले नीतीश कुमार विधानमंडल दल के नेता थे लेकिन सीएम पद से इस्तीफा देने के बाद अब यह जगह खाली हो गई है जिसके बाद अब माना जा रहा है कि 20 अप्रैल को बैठक में नीतीश कुमार विधानसभा में पार्टी का नेता चुनेंगे। बैठक की खबरें सामने आने के बाद यह कयास लगाया जा रहा है कि नीतीश के खास करीबी और बिहार सरकार में नंबर 2 की हैसियत रखने वाले वरिष्ठ नेता विजय चौधरी को विधानसभा में नेता चुना जायेगा। हालांकि अभी इस पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
वहीं इस बैठक को लेकर JDU MLC एवं पार्टी के प्रवक्ता नीरज कुमार ने कहा कि बैठक की जानकारी मिली है। फ़िलहाल बैठक के एजेंडे की जानकारी नहीं है लेकिन नीतीश कुमार हमेशा ही फैसले लेने के लिए जाने जाते हैं तो संभव है कोई बड़ा फैसला लिया जा सकता है। नीरज कुमार ने इस दौरान सम्राट की सरकार बनने के बाद शराबबंदी खत्म होने के कयासों पर विराम लगाते हुए कहा कि हमारी पार्टी के हों, भाजपा के हों या फिर विपक्ष के विधायक हो, वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बड़ा नेता तो नहीं हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी गांधी मैदान में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा था कि नीतीश बाबू शराबबंदी कर आपने एक साहसिक निर्णय लिया है।
यह भी पढ़ें - तीसरी बार राज्यसभा के उप सभापति चुने गए हरिवंश, PM मोदी ने दी बधाई
नीरज कुमार ने कहा कि भाजपा विधायक दल की बैठक में पर्यवेक्षक की भूमिका में आये केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी कहा था कि आपने शराबबंदी कर हजारों महिलाओं के सुहाग की रक्षा की है। मैं यह स्पष्ट कर देना चाहता हूँ कि बिहार में हमारे नेता नीतीश कुमार जी के फैसलों को कभी पलटा नहीं जायेगा। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि जो लोग चाहते हैं कि बिहार में शराबबंदी खत्म हो जाये वह अपने परिवार और रिश्ते की सभी महिलाओं से सोशल मीडिया पर यह पोस्ट करवाएं कि हां शराबबंदी खत्म हो जाना चाहिए फिर नीचे कमेंट पढ़ कर उनकी बीपी की बीमारी अपने आप ठीक हो जाएगी। नीरज कुमार ने हाथ जोड़ कर कहा कि मैं सभी लोगों से विनती करता हूँ कि शराबबंदी पर भ्रम न फैलाएं।
बता दें कि नीतीश कुमार ने बीते मार्च महीने में सीएम पद छोड़ कर राज्यसभा जाने की घोषणा की थी। इसके बाद वह 16 मार्च को राज्यसभा सदस्य के रूप में निर्वाचित हुए, 30 मार्च को उन्होंने विधान परिषद की सदस्यता से इस्तीफा दिया और 10 अप्रैल को राज्यसभा का शपथ भी लिया। फिर 14 अप्रैल को नीतीश कुमार ने सीएम पद से इस्तीफा दे दिया और 15 अप्रैल को नए सीएम के रूप में सम्राट चौधरी ने दो उप मुख्यमंत्री विजय चौधरी और विजेंद्र प्रसाद यादव के साथ शपथ ली।
यह भी पढ़ें - पटना से दिल्ली तक बदल गया नीतीश कुमार का पता, बन गए लालू यादव और नितिन नबीन के पड़ोसी





