पूर्णिया: बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी है। इसी कड़ी में पूर्णिया में लगातार दूसरे दिन निगरानी ने बड़ी कार्रवाई की और एक रेवेन्यू ऑफिसर को एक महिला सहयोगी के साथ रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। निगरानी की टीम ने महज 30 घंटे के अंदर दूसरी कार्रवाई करते हुए पूर्णिया पूर्व अंचल के रेवेन्यू अधिकारी लाल बाबू रजक और उनकी महिला सहयोगी रूबी कुंडी को 40 हजार रूपये रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। गुरुवार के बाद शुक्रवार को हुई इस कार्रवाई के बाद जिले के सरकारी कर्मियों में हड़कंप मच गया है।
मामले में बताया जा रहा है कि गुलाबबाग वार्ड संख्या 35 निवासी ललिता देवी ने अपनी साढ़े तीन कट्ठा जमीन का स्टे रिपोर्ट जारी करवाने के लिए राजस्वी कर्मचारी लाल बाबू रजक के पास आवेदन दिया था। आरोप है कि इस काम के बदले उन्होंने 50 हजार रूपये घूस की मांग की थी। अपने आप को निगरानी या किसी भी तरह की कार्रवाई से बचने के लिए उन्होंने अपनी महिला सहयोगी को रूपये लेने के लिए कहा। हालांकि महिला की शिकायत पर निगरानी की टीम ने पहले ही जाल बिछा रखा था।
यह भी पढ़ें - 20 अप्रैल को नीतीश कुमार ने बुलाई JDU की बड़ी बैठक, शराबबंदी को लेकर पार्टी ने साफ कर दिया अपना स्टैंड
पीड़िता महिला ललिता देवी की शिकायत पर निगरानी विभाग के डीएसपी अमरेंद्र प्रसाद विद्यार्थी के नेतृत्व में एक टीम ने मौके पर पहुंच कर जाल बिछाया और फिर महिला ने 40 हजार रूपये रेवेन्यू अधिकारी की सहयोगी रूबी कुंडी को रिश्वत की पहली क़िस्त के रूप में 40 हजार रूपये दिए। इसके बाद निगरानी की टीम ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया साथ ही रिश्वत की राशि भी बरामद कर ली। पूछताछ के दौरान पता चला कि डील 50 हजार रूपये में हुई थी जिसका पहला क़िस्त अभी दिया जा रहा था जबकि दूसरी क़िस्त 10 हजार रूपये बाद में देने थे।
मामले को लेकर विजिलेंस डीएसपी ने बताया कि फिलहाल दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर क़ानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। इनसे पूछताछ के बाद विशेष निगरानी कोर्ट में पेश किया जायेगा। फिलहाल टीम दोनों को अपने साथ लेकर पटना के लिए रवाना हो गई।
यह भी पढ़ें - राज्य के साढ़े तीन लाख शिक्षकों को फिर से लेना होगा ट्रेनिंग, SCERT तैयार कर रहा ट्रेनिंग मोड्यूल





