पटना: दो दिन पहले बिहार के नए मुख्यमंत्री के रूप में सम्राट चौधरी ने शपथ ग्रहण किया है और उसके बाद से लगातार मुलाकात कर बधाई देने वाले लोगों का तांता लगा हुआ है। इसी कड़ी में शुक्रवार को मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह ने भी सम्राट चौधरी के आवास पर जा कर मुलाकात की और नई जिम्मेवारी के लिए बधाई एवं शुभकामनायें दी। नए सीएम के साथ मुलाकात को लेकर अनंत सिंह ने दर्श न्यूज़ से खास बातचीत की और बताया कि मुलाकात के दौरान दोनों नेताओं के बीच क्या बात हुई। इसके साथ ही उन्होंने बिहार में शराबबंदी खत्म किये जाने के कयासों पर भी बातचीत की तथा नीतीश कुमार को बिहार का मालिक बताया।
मोकामा के लिए मांगा अस्पताल
दर्श न्यूज़ संवाददाता मनीष कुमार से बात करते हुए अनंत सिंह ने कहा कि वह मुख्यमंत्री बने हैं तो हम बधाई देने गए थे। नीतीश कुमार जी ने एक युवा के हाथ में बागडोर सौंपी है तो अब ये अच्छे से चलायें। उन्होंने इस दौरान नीतीश कुमार के सीएम पद से हटने को लेकर कहा कि वह कहीं अन्हीं गए हैं बल्कि वह ही बिहार के मालिक हैं। ये जवान हैं तो दौड़ भाग भी आसानी से कर सकते हैं लेकिन आदेश और निर्देश नीतीश कुमार का ही चलेगा। इस दौरान सीएम से मुलाकात के दौरान अपने क्षेत्र के विकास के लिए मांग किये जाने के सवाल पर कहा कि हम तो बस मिलने गए थे लेकिन जब उन्होंने पूछा तो फिर हम उनसे मोकामा में एक बेहतर और बढिया अस्पताल की मांग की है। मैं भी अब चुनाव नहीं लडूंगा तो चाहता हूं की क्षेत्र की जनता को एक बढ़िया अस्पताल दूँ ताकि उन्हें इलाज के लिए पटना न आना पड़े।
मालिक तो नीतीश कुमार ही हैं
अनंत सिंह ने सीएम बनने के बाद लगातार सक्रिय रहने के सवाल पर कहा कि बिल्कुल नया हैं तो वह चलेंगे ही। देखिये सब जगह काम शुरू हो गया है, जेल में भी छापेमारी हो रही है। पुराने लोगों का सिर्फ बुद्धि चलता है लेकिन नया हैं तो इनका देह भी चलेगा। इनके आ जाने से नीतीश कुमार के दिशानिर्देश में बिहार काफी विकास करेगा। इस दौरान अपने विधानसभा क्षेत्र में लोगों की समस्या को लेकर कहा कि मेरी नजर में एक अस्पताल की समस्या है। वहीं दूसरी तरफ एक और समस्या है कि हर जगह पर सड़क बन गई है और वहां पुल पुलिया नहीं बनाया गया है तो बारिश का पानी निकल नहीं पता है तो जल जमाव हो जाता है। यह समस्या सिर्फ हमारे क्षेत्र का नहीं है बल्कि पूरे बिहार की है। सड़क निर्माण के दौरान जिस गांव के लोगों ने पहले तत्परता दिखाई वहां पानी बहाने की व्यवस्था कर ली और जहां लोगों ने जागरूकता नहीं दिखाई वहां जलजमाव की समस्या हर जगह है। मेरे क्षेत्र में भी यह एक बड़ी समस्या है।
शराबबंदी होना आवश्यक है
वहीं शराबबंदी के सवाल पर मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह ने कहा कि शराबबंदी के समय हमने भी समर्थन किया था लेकिन अब यह खत्म कर देना चाहिए। शराबबंदी के बाद से गांव में छोटे छोटे बच्चे भी सुखा नशा करने लगे हैं। अगर शराब की दुकान होगी तो अवैध शराब कारोबार रुक जायेगा और इससे फायदा होगा कि लोग जितना खरीद कर लायेंगे उतना ही पियेंगे जबकि अभी गांव में ही मिल रहा है तो जरूरत से अधिक शराब पी रहे हैं। पीने वाले तो मान नहीं रहे हैं पी ही रहे हैं साथ ही खराब नशा भी करने लगे हैं। छोटे बच्चे भी इसकी जद में आ रहे हैं। वहीं अपराध बढने को लेकर कहा कि जिसे लोग अपराधी के तौर पर जानते हैं वह लोग अब अपराध नहीं कर रहे हैं लेकिन छोटे छोटे बच्चे गलत नशा करते हैं और फिर आपराधिक घटनाओं को भी अंजाम दे रहे हैं।
अब नवयुवक पढ़े लिखे को चाहते हैं जनप्रतिनिधि
अनंत सिंह ने एक बार फिर दोहराया कि अब हम चुनाव नहीं लड़ेंगे। वहीं क्षेत्र की जनता की इक्षा को लेकर उन्होंने कहा कि अब जो नवयुवक हैं वह पढ़ा लिखा लोग खोजेंगे। अब वह हमको नहीं समझ पाते हैं और न ही हम उन्हें समझ पाते हैं। एक घटनाक्रम को याद करते हुए अनंत सिंह ने कहा कि एक बार गांव में कुछ बच्चों ने मुझसे बैट माँगा था तो हमने पूछा कि यह क्या होता है तो उन्होंने बताया कि लकड़ी का होता है। इस पर हमने उनसे कहा कि बहुत सारे पेड़ हैं, किसी पेड़ से काट कर बनवा लो तो सब हंसने लगे। उस दिन हम समझ गए कि पढ़े लिखे बच्चों की बात हम नहीं समझ पाते हैं इसलिए अब पढ़े लिखे लोगों को मौका दिया जायेगा।
मोबाइल से थर थर कांपते हैं छोटे सरकार
इस दौरान उन्होंने अपने पुराने तांगे की मरम्मत किये जाने को लेकर कहा कि हां मैंने 18 वर्ष पहले लाया था, अब इसका रंग खत्म होने लगा था तो मरम्मत करवा कर रखेंगे। अब इस पर नहीं चलेंगे क्योंकि कुछ भी करते हैं तो लोग वीडियो बना कर वायरल कर देता है। उन्होंने कहा कि मुझे जानवरों से काफी प्यार है और इस वजह से एक दिन हम घोड़ा को पकडे ही थे तो किसी ने वीडियो बना कर डाल दिया वह सब जगह घुमने लगा। इसलिए अब हम डर से जानवर की तरफ जाते भी नहीं हैं। हमको जानवरों से काफी प्यार है और कुछ भी करते हैं तो लोग वीडियो बना कर शेयर कर देता है इसलिए हम अब इस मोबाइल से थर थर कांपते हैं।
इस दौरान अनंत सिंह ने सीएम सम्राट चौधरी और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव की शिक्षा पर चल रहे राजनीति को लेकर कहा कि वह लोग कम से कम स्कूल तो गया है न, हम तो स्कूल भी नहीं गए हैं तो हम कैसे कुछ कह सकते हैं। इस मामले में कुछ भी बोलने से उन्होंने साफ इंकार कर दिया और कहा कि वह लोग कम से कम स्कूल तो गया फिर हम उसे सातवीं फेल या नौंवीं फेल कैसे कह सकते हैं, हम तो स्कूल ही नहीं गए कभी।




