पटना: पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार शुक्रवार को पार्टी कार्यालय पहुंचे जहां उन्होंने प्रवक्ताओं के साथ बैठक की। बैठक से पहले मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी की रणनीति पर लगातार काम कर रहा हूँ। हमारी प्राथमिकता पार्टी को मजबूत करना है। जदयू कार्यालय में निशांत ने पार्टी के प्रवक्ताओं के साथ काफी देर तक बैठक की और आगे की रणनीतियों पर चर्चा की। बैठक के दौरान प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा भी मौजूद रहे।

बता दें कि पूर्व सीएम नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने की घोषणा के बाद निशांत कुमार ने पार्टी में एंट्री की और उसके बाद से लगातार सक्रिय हैं। वह कभी पार्टी कार्यालय में नेता और कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर रहे हैं तो कभी विधायकों के साथ बैठक कर रहे हैं। मीडिया से बात करते हुए निशांत अक्सर संगठन की मजबूती की बात करते दिखते हैं। बता दें कि नीतीश कुमार के इस्तीफा देने के बाद यह कयास लगाया जा रहा था कि नई सरकार में निशांत को उप मुख्यमंत्री बनाया जायेगा लेकिन एन वक्त पर उन्होंने इस पद को स्वीकार करने से मना कर दिया।

यह भी पढ़ें   -   19 अप्रैल को मनाया जायेगा अक्षय तृतीया, पढ़ें शुभ मुहूर्त और क्या करें या न करें, राशियों पर क्या पड़ेगा प्रभाव

निशांत का कहना है कि वे अपने पिता की किये कामों को और आगे बढ़ाना चाहते हैं तथा जनता की पसंद के अनुसार ही पद लेंगे। उन्होंने सीधे तौर पर राजनीतिक एंट्री के साथ ही सत्ता की राजनीति से दूर रहने की बात कही और नई सरकार में कोई भी जिम्मेवारी लेने से मना कर दिया। बता दें कि राज्यसभा सांसद के रूप में निर्वाचित होने के बाद नीतीश कुमार ने 14 अप्रैल को सीएम पद से इस्तीफा दे दिया और 15 अप्रैल को सम्राट चौधरी ने दो उप मुख्यमंत्री विजय चौधरी और विजेंद्र यादव के साथ मुख्यमंत्री पद की शपथ ली।

पार्टी की मजबूती है निशांत की पहली प्राथमिकता, JDU कार्यालय में प्रवक्ताओं के साथ की बड़ी बैठक

बैठक के बाद मीडिया से बात करते हुए JDU MLC एवं पार्टी प्रवक्ता नीरज कुमार ने कहा कि हमारी पार्टी के भविष्य और सर्वमान्य नेता निशांत कुमार ने बैठक की। पार्टी के सभी प्रवक्ता बैठक में शामिल हुआ और इस दौरान निशांत ने निर्देश दिए कि हमारे नेता नीतीश कुमार की राजनैतिक विरासत वह समाज के सभी तबकों के लिए है। हम उस पूंजी के साथ निशांत कुमार से आग्रह किया है कि 'जय निशांत तय निशांत' का नारा गली गली में गुंजायमान हो इसके लिए अनुमति मांगी है। हमें उम्मीद है कि इसके लिए वह जल्द ही सहमत हो जायेंगे। 

हमारे नेता क्लाइमेट लीडर हैं, कनविक्टेड नहीं

इस दौरान उन्होंने निशांत कुमार के द्वारा डिप्टी सीएम पद को ठुकराए जाने को लेकर कहा कि बिहार के आम आवाम और देश के समाजवादी आन्दोलन के सभी लोग आंख खोल कर देख लें कि नीतीश कुमार ने पद त्याग कर मिसाल कायम किया है। वह एक बिरला व्यक्ति ही हैं जो पांच वर्षों के लिए निर्वाचित हुए और 4 महीने में ही कह दिया कि अब हम इस पद पर नहीं रहेंगे। इतना ही नहीं उनके बेटे निशांत कुमार ने भी उसी त्याग की मिसाल कायम की है इसलिए जदयू बेमिसाल है। वहीं विपक्ष के द्वारा सवाल उठाये जाने को लेकर उन्होंने कहा कि विपक्ष का किडनी बदला हुआ है और राजनीति की किडनी जनता ने बदल दी, तो हम ट्रांसप्लांट आदमी से बात नहीं करते हैं। हमारे नेता नीतीश कुमार क्लाइमेट लीडर हैं, कोई कनविक्टेड लीडर नहीं हैं। बिहार की जनता जानती है कि नीतीश कुमार का इमान साफ़ है।

शराबबंदी खत्म करने वाले को लगेगा श्राप

नीरज कुमार ने शराबबंदी को लेकर कहा कि यह हमारा संकल्प है। अभी हाल में शिवराज सिंह चौहान ने कहा था कि नीतीश कुमार ने शराबबंदी कर बेटी के सुहाग की रक्षा की है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस फैसले की सराहना की है। जो लोग शराबबंदी खत्म करने की बात करेंगे उन्हें बेटियों का श्राप लगेगा। 

JDU प्रदेश अध्यक्ष ने कहा

वहीं प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने कहा कि उन्होंने हमारे सभी प्रवक्ताओं के साथ संवाद किया है और आगे जो कुछ भी होगा उसे हमारी पार्टी के प्रवक्ता आपलोगों को जानकारी देंगे या संभव है खुद निशांत जी प्रेस कांफ्रेंस कर आपलोगों को जानकारी देंगे।

यह भी पढ़ें   -   BCEC परीक्षा के तारीखों का हो गया एलान, इस दिन तक कर सकेंगे रजिस्ट्रेशन, देखें पूरा शेड्यूल

YouTube Video