पटना: बिहार में शराबबंदी लागू है और इसकी वजह से राज्य में अवैध शराब और अन्य मादक पदार्थों की तस्करी धड़ल्ले से की जा रही है। हालांकि पुलिस लगातार अवैध नशा के कारोबार के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है और मादक पदार्थों के साथ ही तस्करों को गिरफ्तार भी किया जा रहा है। इसी कड़ी में राजधानी पटना में भारी मात्रा में अवैध प्रतिबंधित कफ सिरप और अन्य नशे का इंजेक्शन बरामद किया गया है। कार्रवाई के दौरान चित्रगुप्त नगर तथा मुसल्लहपुर थाना की पुलिस ने दो तस्करों को भी गिरफ्तार किया है।

मामले की जानकारी देते हुए पटना सिटी एसपी परिचय कुमार ने बताया कि रविवार को चित्रगुप्त नगर थाना की पुलिस को सूचना मिली थी कि अवैध नशे का इंजेक्शन लेकर एक युवक डिलीवर करने जा रहा है। सूचना के आधार पर बहादुरपुर ROB के समीप युवक को नशे के इंजेक्शन के साथ गिरफ्तार किया गया। सत्यापन के दौरान पता चला कि पिछले वर्ष कंकड़बाग थाना क्षेत्र में भारी मात्रा में अवैध प्रतिबंधित कफ सिरप बरामदगी मामले में उक्त युवक की तलाश की जा रही थी। गिरफ्तार युवक की पहचान पटना सिटी इलाका निवासी अर्णव कुमार के रूप में की गई। पूछताछ के बाद वह पुलिस टीम कंकड़बाग थाना क्षेत्र में स्थित एक गोदाम में ले गया जहां से 31250 एन्पुल प्रतिबंधित इंजेक्शन और 5760 अवैध प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद किया गया। गोदाम से स्नेक एंटीवेनम, एक स्कूटी, दो मोटरसाइकिल और एक कार भी बरामद किया गया है और प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

यह भी पढ़ें     -    पारिवारिक विवाद सुलझाने थाना पहुंचा था परिवार, सास बहू में हुई कहासुनी और चलने लगे चप्पल फिर तो...

सिटी एसपी ने बताया कि बीते दिनों प्रतिबंधित कफ सिरप और इंजेक्शन बरामदगी मामले में पुलिस ने भूतनाथ निवासी छोटू कुमार को गिरफ्तार किया है। मुसल्लहपुर थाना की पुलिस को सूचना मिली थी कि छोटू कुमार प्रतिबंधित इंजेक्शन बेच रहा है जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई की और उसे गिरफ्तार किया। गिरफ्तार छोटू कुमार के पास से पुलिस ने 2000 प्रतिबंधित इंजेक्शन बरामद हुआ। पूछताछ के बाद उसने भी पुलिस को गोपालपुर थाना क्षेत्र में एक गोदाम की जानकारी दी जहां से 34000 प्रतिबंधित इंजेक्शन और 1800 एन्पुल अन्य ईविल इंजेक्शन बरामद किया गया। उन्होंने बताया कि मंटू कुमार काफी शातिर प्रतीत होता है और इस तस्करी गिरोह में मास्टरमाइंड हो सकता है।

यह भी पढ़ें     -    तेज प्रताप ने नीतीश कुमार के कार्यकाल को दिया 10 में से 9 नंबर, छोटे भाई पर भी किये तीखे हमले