इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 का इंतजार आखिरकार खत्म हो गया है। 19वें सीजन की शुरुआत रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के मुकाबले से होने जा रही है। बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में होने वाले इस ओपनिंग मैच पर पूरी दुनिया की नजरें टिकी हैं। इस बार का आईपीएल सिर्फ क्रिकेट नहीं, बल्कि कई बदलावों, भावनाओं और बड़े फैसलों के कारण भी चर्चा में है।
1. भावुक शुरुआत, बिना ओपनिंग सेरेमनी
इस बार आईपीएल की शुरुआत सादगी के साथ होगी। पिछले साल बेंगलुरु में हुई भगदड़ की घटना को ध्यान में रखते हुए बीसीसीआई ने ओपनिंग सेरेमनी रद्द कर दी है। यह फैसला लीग को एक संवेदनशील शुरुआत देता है।
2. RCB का खास श्रद्धांजलि प्लान
एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में भगदड़ में जान गंवाने वाले 11 लोगों की याद में RCB ने 11 सीटें खाली रखने का फैसला किया है। साथ ही टीम पहले मैच में काली पट्टी बांधकर उतर सकती है।
3. 2008 के बाद बेंगलुरु में ओपनिंग मैच
लगभग 18 साल बाद चिन्नास्वामी स्टेडियम को आईपीएल के ओपनिंग मैच की मेजबानी मिली है, जिससे फैंस में जबरदस्त उत्साह है।
4. पूरा शेड्यूल जारी, 70 मैचों का सीजन
आईपीएल 2026 में कुल 70 लीग मैच खेले जाएंगे। पहले 20 मैच 28 मार्च से 12 अप्रैल तक होंगे, जबकि बाकी मुकाबले 24 मई तक अलग-अलग शहरों में आयोजित होंगे।
5. नया ग्रुप सिस्टम लागू
इस बार टीमों को दो ग्रुप में बांटा गया है। सबसे बड़ा बदलाव यह है कि टीमें अपने ग्रुप से सिर्फ एक बार और दूसरे ग्रुप की टीमों से दो बार भिड़ेंगी, जिससे मुकाबले और रोमांचक होंगे।
6. डबल हेडर का रोमांच
सीजन में कुल 12 डबल हेडर (एक दिन में दो मैच) होंगे। सभी टीमें कम से कम दो-दोपहर के मैच खेलेंगी, जिससे फैंस को पूरे दिन क्रिकेट का मजा मिलेगा।
7. RCB और RR की रिकॉर्ड डील
इस सीजन से पहले RCB और राजस्थान रॉयल्स की फ्रेंचाइजी की बिक्री ने सुर्खियां बटोरीं। RCB करीब 16,700 करोड़ और RR 13,500 करोड़ में बिकी, जो आईपीएल के बढ़ते बिजनेस वैल्यू को दर्शाता है।
8. नए कप्तानों की परीक्षा
इस बार कई युवा और नए कप्तान मैदान में उतरेंगे, जिनमें रजत पाटीदार, शुभमन गिल और रियान पराग जैसे नाम शामिल हैं। इन खिलाड़ियों के लिए यह खुद को साबित करने का बड़ा मौका है।
9. टीम इंडिया के दरवाजे खुले
आईपीएल 2026 कई खिलाड़ियों के लिए टीम इंडिया में वापसी या जगह बनाने का सुनहरा मौका है। ऋषभ पंत, केएल राहुल, श्रेयस अय्यर और पृथ्वी शॉ जैसे खिलाड़ी खास नजरों में रहेंगे।
10. विदेशी खिलाड़ियों की उपलब्धता चुनौती
इस सीजन में विदेशी खिलाड़ियों की चोट और उपलब्धता टीमों के लिए चिंता का विषय बनी हुई है। वहीं कुछ खिलाड़ी अन्य लीग छोड़कर आईपीएल में हिस्सा ले रहे हैं, जो चर्चा का बड़ा मुद्दा है।
आईपीएल 2026 सिर्फ एक क्रिकेट टूर्नामेंट नहीं, बल्कि इमोशन्स, बदलाव और नए इतिहास की कहानी बनने जा रहा है। जहां एक तरफ RCB अपने खिताब को बचाने उतरेगी, वहीं बाकी टीमें उसे चुनौती देने के लिए तैयार हैं। अब देखना दिलचस्प होगा कि इस सीजन का असली सिकंदर कौन बनता है।