कटिहार जिले के अमदाबाद थाना क्षेत्र में हुई सनसनीखेज फायरिंग और हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बड़ा खुलासा किया है। इस घटना में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया था। अब पुलिस ने मामले में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य आरोपी अभी भी फरार है।
पुलिस अधीक्षक शिखर चौधरी के अनुसार, घटना 1 अप्रैल 2026 की है। बेलवाही निवासी रमजानी (32) ने अमदाबाद थाना में आवेदन देकर बताया कि वह अपने भाई साबिर आलम के साथ उसकी दुकान पर मौजूद था। इसी दौरान जाहिल खान अपने कुछ साथियों के साथ वहां पहुंचा और बाइक ठीक करने की बात कही। जब साबिर आलम ने थोड़ी देर इंतजार करने को कहा, तो इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया।
यह भी पढ़ें : पशुपति पारस ने आनन फानन में बुलाई पार्टी की बैठक और बदल दिया प्रदेश का नेतृत्व, अब...
आरोप है कि कुछ ही देर बाद जाहिल खान गुस्से में आ गया और अपने पास रखे देसी कट्टे से साबिर आलम के माथे पर गोली चला दी। गोली लगते ही वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा। परिजन उसे तुरंत अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, मनिहारी के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने छापेमारी कर दो आरोपियों—जारूल खान (30) और मो. मेडुल (25) को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने इनके पास से घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल भी बरामद की हैं।
यह भी पढ़ें : CSK में धोनी की गैरमौजूदगी, PBKS के अय्यर पर सवाल—चेन्नई में कौन करेगा कमाल?
हालांकि, मुख्य आरोपी जाहिल खान अब भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। उसकी तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही बाकी आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल, पूरे मामले में आगे की जांच जारी है।