लखीसराय डकैती केस सुलझा: हथियारों के साथ 6 अपराधी गिरफ्तार
लखीसराय जिले में बिहार एसटीएफ की विशेष टीम और जिला पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक बड़ी डकैती की घटना का सफल उद्भेदन किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने कुल छह अपराधकर्मियों को अवैध आग्नेयास्त्र, जिंदा कारतूस और घटना में प्रयुक्त वाहनों के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, कवैया थाना कांड संख्या 466/25 (दिनांक 28 दिसंबर 2025) के तहत दर्ज मामले में पहले चरण में प्रहलाद कुमार उर्फ करू और विक्रम कुमार उर्फ घटघट को कवैया थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। इनके पास से एक देसी पिस्टल, 16 जिंदा गोलियां, दो मैगजीन और दो मोटरसाइकिल बरामद की गईं।
पूछताछ के दौरान प्रहलाद कुमार ने अपने अन्य साथियों के नाम बताए, जिनमें गुलशन कुमार, निरंजन कुमार और मनीष कुमार वर्मा शामिल थे। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इन तीनों को भी गिरफ्तार कर लिया। इनके पास से डकैती में प्रयुक्त एक Ertiga वाहन बरामद किया गया। इसके बाद गिरफ्तार आरोपी निरंजन कुमार की निशानदेही पर एक अन्य आरोपी मोहम्मद अब्बास शाह को हलसी थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। उसके पास से एक देसी कट्टा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
यह भी पढ़ें: हाजीपुर में खूनी वारदात: महिला को गोली मार कर दी हत्या, वजह जान रह जाएँगे दंग
पुलिस ने बताया कि 28 दिसंबर 2025 की रात करीब 1:30 बजे कवैया थाना क्षेत्र के बायपास रोड स्थित उत्तम साव के घर में छह नकाबपोश अपराधियों ने हथियार के बल पर परिवार को बंधक बनाकर लूट की वारदात को अंजाम दिया था। इसी मामले में यह पूरी कार्रवाई की गई है। गिरफ्तार अपराधियों में से प्रहलाद कुमार, विक्रम कुमार और निरंजन कुमार पहले भी जेल जा चुके हैं। पुलिस अब सभी आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है और आगे की कार्रवाई जारी है।
बरामद सामग्री: देसी पिस्टल, देसी कट्टा, 18 जिंदा कारतूस, 2 मैगजीन, 4 मोबाइल फोन, 2 मोटरसाइकिल और एक Ertiga वाहन।