वैशाली: इन दिनों देश के विभिन्न हिस्सों में शातिर ठग लोगों के साथ धोखाधड़ी करने के लिए नए नए हथकंडे अपनाते हैं। ऐसा ही एक मामला सामने आया है वैशाली के राघोपुर से जहां थाना से महज कुछ ही दूरी पर ठिकाना बना कर शातिरों ने दर्जनों महिलाओं से लाखों रूपये की ठगी कर ली और फिर फरार हो गए। मामले की जानकारी मिलने के बाद महिलाओं ने जम कर हंगामा किया साथ ही पुलिस के समक्ष शिकायत दर्ज कर कार्रवाई की मांग की। शिकायत मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंच कर छानबीन में जुट गई।
मामला राघोपुर थाना क्षेत्र की है जहां कई गांवों की महिलाओं को शातिर ठगों ने ठग लिया। मामले में महिलाओं ने बताया कि हाल के दिनों में बाइक से दो व्यक्ति घर पर आये थे और उन्होंने महिलाओं का समूह बनाने पर सभी को 50 हजार रूपये का लोन दिलवाने की बात कही थी। लोन लेने के एवज में उन्होंने एक शर्त रखी थी कि आपको हमारे यहां से कुछ खरीदना होगा उसके बाद सभी लोगों को 50 हजार रूपये का लोन दिया जायेगा। दोनों व्यक्ति ने महिलाओं को फतेहपुर चौक के समीप गोल्ड कैपिटल सर्विस लिमिटेड कंपनी के कार्यालय में KYC दस्तावेज के साथ बुलाया था।
यह भी पढ़ें - RJD ने कहा MLA पर होगी कार्रवाई, BJP ने तेजस्वी को दी चुनौती 'है हिम्मत तो..'
महिलाओं ने कहा कि बीते 16 मार्च को सभी महिलाएं फर्जी कंपनी के ऑफिस में पहुंची जहां पहले से चार व्यक्ति मौजूद थे साथ ही अन्य कई गांवों से 100 से अधिक महिलाएं आई थी। वहां सामान के एवज में सभी से पैसे जमा करवा लिए गए और कहा गया कि शाम तक आपलोगों के घर आपकी पसंद का सामान पहुंच जायेगा। शाम तक जब किसी के घर सामान नहीं पहुंचा तो हमलोग अगले दिन फिर से कार्यालय पहुंचे लेकिन वहां ताला लगा था वहीं जो व्यक्ति हमें बुलाने आये थे उनका मोबाइल स्विच ऑफ था।
महिलाओं ने बताया कि शातिरों ने महिलाओं से दो हजार रूपये से लेकर दस हजार रूपये तक विभिन्न सामान के एवज में जमा करवाए थे और रूपये लेकर रातों रात फरार हो गए। मामले की जानकारी मिलने के बाद पूरे क्षेत्र के लोगों में सनसनी फ़ैल गई। वहीं मामले की शिकायत पर पुलिस मौके पर पहुंची और कार्यालय का ताला तोड़ कर जब छानबीन की तो वहां से पुलसी ने करीब एक दर्जन कुर्सी, चार टेबल, सूचना बोर्ड, समूह बनाने के लिए फॉर्म, मुहर समेत अन्य कई सामग्री बरामद की है। राघोपुर के थानाध्यक्ष अवधेश कुमार ने कहा कि महिलाओं ने रूपये ठगी की शिकायत दर्ज कराई है जिसके आधार पर कार्यालय में छानबीन की गई और कुछ सामान जब्त भी किये गए हैं। महिलाओं के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
यह भी पढ़ें - पटना के गंगा नदी में चार दिन तक नावों के परिचालन पर रहेगा प्रतिबंध, डीएम ने जारी किया आदेश...
वैशाली से अभिषेक कुमार की रिपोर्ट