कटिहार: बिहार में शराबबंदी के बाद से सभी सुरक्षा एजेंसियां अवैध शराब कारोबार के विरुद्ध लगातार कार्रवाई कर रही है। अवैध शराब कारोबार के विरुद्ध कार्रवाई के दौरान कटिहार रेलवे स्टेशन पर जीआरपी और मद्य निषेध की टीम के बीच भिड़ंत हो गई। सूचना है कि इस दौरान मद्य निषेध विभाग के एक जवान को चोट भी आई है। मामले को लेकर मद्य निषेध विभाग की टीम ने जीआरपी के जवानों पर कार्रवाई की मांग है।
मद्य निषेध विभाग की टीम के अनुसार उन्हें हाटे बाजारे एक्सप्रेस से अवैध शराब लाये जाने की सूचना मिली थी जिसके बाद टीम रेलवे स्टेशन पर पहुंची। इसी बीच जीआरपी की टीम भी पहुंच गई और दोनों के बीच बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते दोनों टीमों के बीच मारपीट शुरू हो गई जिसमें मद्य निषेध विभाग की टीम के एक जवान देव शंकर झा जख्मी हो गए जिन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले में उत्पाद दारोगा रवि किशोर ने बताया कि हमलोग पिछले कई महीनो से ट्रेन में भी शराब की सूचना पर कार्रवाई करते रहे हैं।
यह भी पढ़ें - राज्यसभा चुनाव में मेरे पास भी आया था फोन लेकिन.., कांग्रेस विधायक ने राज्यसभा चुनाव को लेकर कहा...
इस बार भी शराब की सूचना पर आरपीएफ के साथ संयुक्त कार्रवाई करने रेलवे स्टेशन पहुंचे थे तभी जीआरपी की टीम पहुंच गई। इस दौरान जीआरपी के अधिकारियों ने हमें जेल भेजने की धमकी दी तथा परिचय देने के बावजूद बदसुलूकी की। उन लोगों का कहना था कि जीआरपी की अनुमति के बगैर रेलवे स्टेशन पर कोई कार्रवाई नहीं कर सकते हैं। वहीं मामले में उत्पाद अधीक्षक सुभाष कुमार सिंह ने बताया कि हमारी टीम सूचना के आधार पर कार्रवाई करने रेलवे स्टेशन पहुंची थी जिसमें कुछ लोग वर्दी में थे और कुछ बिना वर्दी के। इस दौरान संभव है कि जीआरपी के जवान बिना वर्दी वाले जवानों को नहीं पहचान सके हों और उन्होंने बदसुलूकी की हो।
उत्पाद अधीक्षक ने कहा कि फ़िलहाल मेरे पास मारपीट की सूचना नहीं आई है। छापेमारी में गई संबंधित टीम से जानकारी हासिल करने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फ़िलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें - सेकेंड की चूक और खत्म हो गई जिंदगियां! हाईवे हादसे ने उड़ाए होश