कैमूर: कैमूर में बीते 15 मार्च को पत्नी के सामने एक व्यक्ति की हत्या मामले का पुलिस ने खुलासा कर लिया है और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त हथियार भी बरामद कर लिया है जबकि पूछताछ के बाद आरोपी को जेल भेज दिया। मामले की जानकारी जिले के एसपी हरिमोहन शुक्ला ने खुद दी और बताया कि आरोपी ने स्वीकार कर लिया है कि उसने ही व्यक्ति की हत्या की है साथ ही उसकी निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त पिस्टल बरामद कर लिया है।

एसपी हरिमोहन शुक्ला ने बताया कि पूछताछ के दौरान कुढनी थाना क्षेत्र के महिला गांव निवासी आरोपी अमित कुमार ने बताया कि मृतक विष्णुकांत मिश्रा की उसने ही गोली मार कर हत्या की है। हत्या का कारण पूछे जाने पर उसने बताया कि उसकी मां के साथ मृतक का पिछले 7 वर्षों से अवैध संबंध था और यह बात दोनों ही परिवार को पता थी। मेरे परिवार की तरफ मृतक और उसके परिवार के लोगों से कई बार शिकायत की गई लेकिन वह मानने को तैयार नहीं था इसलिए उसकी हत्या कर दी। आरोपी ने बताया कि मेरे पिता जी हर दिन सुबह में 3 बजे मंदिर में पूजा करने चले जाते थे और उसके बाद मृतक मेरे घर में आ जाता था। कई बार परिवार के अन्य सदस्यों ने दोनों को आपत्तिजनक हालत में देखा था और उन्हें मना भी की लेकिन वह मानने को तैयार नहीं था।

यह भी पढ़ें    -     इससे पहले CM नीतीश को देना होगा इस्तीफा नहीं तो चली जाएगी राज्यसभा की सदस्यता, पढ़ें क्या क्या है नियम कानून...

मामले में एसपी ने बताया कि बीते 15 मार्च को कुढनी थाना क्षेत्र में विष्णुकांत मिश्रा की हत्या आरोपी ने गोली मार कर दी थी। मृतक के भाई के बयान पर अमित कुमार के विरुद्ध मामला दर्ज छानबीन शुरू की गई और अब उसे कुढनी थाना क्षेत्र से ही गिरफ्तार किया गया है। उसकी निशानदेही पर सोतावां पुल के पास हत्या में प्रयुक्त पिस्टल भी बरामद कर ली गई है वहीं अब आरोपी को जेल भेजा जा रहा है।

यह भी पढ़ें    -     छठ घाट पर सीढी निर्माण कार्य शुरू करने से पहले चाहिए रिश्वत, निगरानी ने पंचायत राज पदाधिकारी को किया गिरफ्तार

कैमूर से प्रमोद कुमार की रिपोर्ट