पटना: सब जगहों पर जनप्रतिनिधि बनने के बाद लोगों की अपेक्षाएं बढ़ जाती हैं। कुछ जगहों पर जनप्रतिनिधि जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप बेहतर काम करते हैं तो कुछ जगहों पर काम तो होता है लेकिन वह खुद की इक्षा से या कहीं कुछ भी नहीं। अक्सर देखा जाता है कि चुनाव जीतने के बाद जनप्रतिनिधि अपने क्षेत्र की उन समस्याओं पर अधिक फोकस करते हैं जिसकी चर्चा लंबे समय से चलती हैं। बीते विधानसभा चुनाव में भी NDA को बहुमत मिली है और लोगों को उम्मीद है कि नई सरकार अच्छा काम करेगी। इस बीच बिहार की एक युवा विधायक काफी चर्चा में है और इसका कारण है विकास कार्यों को लेकर उसकी सजगता और टेक्निक का उपयोग।
यह विधायक हैं बिहार की सबसे युवा विधायक अलीनगर से जीत कर आने वाली मैथिली ठाकुर। मैथिली ठाकुर को जब भाजपा ने टिकट दिया था उस वक्त उनकी काफी आलोचना की गई थी कि जिसे बिहार से कोई मतलब नहीं है अगर वह जीत भी जाये तो क्षेत्र में नजर नहीं आयेंगी लेकिन सच इसके ठीक विपरीत दिख रहा है। मैथिली चुनाव जीतने के बाद विधानसभा के सत्र में भी नियमित रूप से उपस्थित रहीं तो अपने क्षेत्र में भी अक्सर नजर आ जाती हैं। इसके साथ ही वह क्षेत्र में घूमते हुए आमलोगों से भी मुलाकात करती हैं और उनकी समस्याओं को दूर करने की कोशिश भी करती हैं।
मैथिली ठाकुर के शुरुआती चरण में ही उन्होंने यह दिखा दिया कि इक्षाशक्ति हो तो काम किया जा सकता है। चुनाव जीतने के बाद उनकी सबसे अधिक चर्चा तब हुई थी जब एक अस्पताल को लेकर उन्होंने अपनी ही सरकार के मंत्री से तीखे सवाल किये थे। अब मैथिली ठाकुर का एक नया रूप देखने को मिला है जिसके बाद उनके आलोचकों को मुंहतोड़ जवाब तो मिला ही, क्षेत्र के लोगों में ख़ुशी भी देखी जा रही है। चुनाव प्रचार के दौरान और उसके बाद क्षेत्र में घूमते हुए लोगों के मुंह से पुल और सड़कों की समस्या के लिए उन्होंने तकनीक का सहारा लिया है और लोगों से मदद मांगी है।
यह भी पढ़ें - 'सम्राट की हो सरकार', पार्टी कार्यालय में पोस्टर लगाये जाने के कुछ देर बाद ही फाड़ा गया
मैथिली ठाकुर ने बुधवार की रात फेसबुक लाइव आ कर अपने विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न प्रखंडों में पुल की आवश्यकता को लेकर कुछ चिह्नित जगहों का नाम बताते हुए कहा कि मैंने शिकायतों, लोगों की मांगें या अन्य कई तरीकों से इन जगहों को चिह्नित किया है जहां पुल चाहिए। मैंने अपने ऑफिस के माध्यम से इन जगहों का वेरिफिकेशन भी किया है लेकिन संभव है कि कुछ जगह हमसे छूट गए हों या मेरी जानकारी में न हो और यह काम एक एक लोगों से बात कर नहीं किया जा सकता है इसलिए मैं फेसबुक लाइव आ आकर आपलोगों से आग्रह करती हूँ कि पुल की आवश्यकता वाली जगहों की जानकारी आप हमें जरुर दें।
मैथिली ठाकुर ने अपने फेसबुक लाइव में कहा कि मैं तो बराबर क्षेत्र में घूमती ही हूँ, साथ ही अक्सर मुझे व्हाट्सएप, फेसबुक या इन्स्टाग्राम के माध्यम से कई सारे लोग समस्याओं की जानकारी देते हैं जिसे इकठ्ठा करना मुश्किल काम है इसलिए मैं सबसे आग्रह करती हूँ कि शेरपुर में स्थित मेरे कार्यालय में लिखित रूप से अपनी बातें जरुर जमा करें ताकि वह हम तक आसानी से पहुंच सके और हम उसके निराकरण को लेकर काम कर सकें। मैथिली ने कहा कि हमारे कार्यालय में एक व्यक्ति हमेशा रहते हैं जो आपको लिखने में मदद भी करेंगे। बिहार की सबसे युवा विधायक मैथिली के इस कदम की काफी प्रशंसा भी हो रही है और लोग तरह तरह से सराहना भी कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें - बिहार की सरकार ने अब तक तेजस्वी को नहीं दी है सैलरी, कहा 'भ्रष्टाचार-अपराध में बिहार नंबर 1'