पटना: बिहार में विधानसभा चुनाव से पहले से ही विपक्ष राज्य की सरकार पर हमलावर है और नई सरकार बनने के बाद भी कानून व्यवस्था, रोजगार, पलायन, शिक्षा, स्वास्थ्य समेत अन्य मुद्दों को लेकर लगातार घेरने की कवायद में लगा है। एक तरफ बिहार सरकार में नेतृत्व परिवर्तन को लेकर सुगबुगाहट तेज है तो दूसरी तरफ राज्य में घट रही आपराधिक घटनाओं पर विपक्ष भी हमलावर है। इसी कड़ी में एक बार फिर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने राज्य सरकार पर तीखा हमला। उन्होंने एक तरफ राज्य में कानून व्यवस्था का मुद्दा उठाया तो दूसरी तरफ सरकार का खजाना खाली होने की बात कही।
कहां है कानून व्यवस्था?
मीडिया से बात करते हुए राजद के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने कहा कि ये लोग सरकार बनाने में लगे हैं वहीं बिहार का पूरा सिस्टम चौपट हो रखा है। अस्पतालों में मरीजों का इलाज नहीं हो रहा, दवा नहीं मिल रहा, स्ट्रेचर नहीं मिल रहे। इसके साथ ही आज अररिया के फारबिसगंज में दिनदहाड़े दोहरी हत्या हुई है यह इस चौपट राज का पोल खोल रही है। इतना भयावह तस्वीर हमलोगों ने अब तक नहीं देखा था। दिनदहाड़े सरेआम एक व्यक्ति का सर काट कर दिन भर लोगों के बीच घूमता रहा, फिर जिसकी मृत्यु हुई उसके परिजनों ने उसे भी मार दिया तो प्रशासन कहाँ है, और कानून व्यवस्था कहाँ है। सरेआम हत्याकांड चलता रहा लेकिन कोई सुध लेने वाला नहीं है।
यह भी पढ़ें - 'सम्राट की हो सरकार', पार्टी कार्यालय में पोस्टर लगाये जाने के कुछ देर बाद ही फाड़ा गया
सरकार के लोग बालू-दारू में पड़े हैं
तेजस्वी ने कहा कि यहां NDA के जो भारी भरकम नेता हैं, सबके मन में केवल लड्डू फूटे पड़े हैं कि कौन भाजपा का सीएम बनेगा, कौन किसका बनेगा। पहले पांच साल में एक बार सरकार बनती थी लेकिन अब तो दिनों दिन में बदल जाती है, यही सिस्टम है। उधर किसान ओला गिरने, बारिश होने से परेशान है, कुछ मदद नहीं की गई। अस्पताल- शिक्षा चौपट है, और सरकार के लोग बालू-दारु में पड़े हैं। पूरा सिस्टम फेल हो चुका है। अब कोई मेनस्ट्रीम मीडिया तो यह नहीं दिखायेगा कि बिहार में क्या हो रहा है। वह भी तब जब भाजपा के पास गृह मंत्रालय है।
बिहार भ्रष्टाचार-अपराध में टॉप
मैंने कई बार बोला है और जब हम सच बोलते हैं तो लोगों को बुरी लग जाती है। जब तक सच नहीं बोला जायेगा तब तक समस्या का समाधान नहीं हो सकता है। हमने बिहार को गरीब राज्य कहा तो कौन सा गलत बोल दिया लेकिन यहां लोगों को मिर्ची लग गई, प्रतिव्यक्ति आय कम है। सबसे अधिक गरीबी, बेरोजगारी, पलायन यहां है, शिक्षा-चिकित्सा के मामले में बिहार सबसे नीचे है। 20 वर्षों से NDA की सरकार है लेकिन भ्रष्टाचार और अपराध में बिहार नंबर 1 और 2 पर है, लेकिन ये लोग गाली लालू-तेजस्वी को देंगे। बिहार हाथ से निकल चुका है।
तेजस्वी को भी नहीं मिली सैलरी
तेजस्वी ने कहा कि डबल इंजन की सरकार है लेकिन कोई पैकेज नहीं है, कुछ नहीं है। लोगों को पेंशन नहीं मिल रहा है, सैलरी नहीं मिल रहा है। कर्मचारियों का तो हाल छोड़िये, मंत्रियों को नहीं मिल रहा है, हमलोगों को भी सैलरी नहीं मिली है अभी तक। बिहार की यह हालत हो चुकी है, प्रशासनिक अराजकता के साथ ही पूरा खजाना खाली हो गया है। ठेकेदारों को पैसा नहीं मिल रहा है। कहाँ है बिहार लेकिन बात करेंगे उंची उंची है। अब गुंडागर्दी दिनदहाड़े सड़कों पर दिख रहा है। आये भाजपा का कोई नेता और कहे कि सर नहीं कटा है। इन लोगों ने बिहार का नाक कटवा दिया है।
यह भी पढ़ें - 'बन कर भीगी बिल्ली , चाचा चले गए आज दिल्ली..', सोशल मीडिया पोस्ट कर लालू की बेटी ने कसा तंज





