पटना: बीते 16 मार्च को राज्यसभा चुनाव में निर्वाचित होने के बाद अब सदस्य के रूप में शपथ लेने के लिए सीएम नीतीश दिल्ली रवाना हो गए हैं। उनके साथ केंद्रीय मंत्री ललन सिंह, पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा भी दिल्ली गए हैं। इस बीच अब विपक्ष नीतीश कुमार के दिल्ली जाने को लेकर भाजपा पर हमलावर होने लगा है। एक तरफ जहां राजद के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष सह विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव लगातार कह रहे हैं कि भाजपा ने नीतीश कुमार के साथ छल किया है तो अब उनकी बहन और सारण लोकसभा प्रत्याशी रोहिणी आचार्य ने भी नीतीश कुमार पर जम कर निशाना साधा है।

रोहिणी आचार्य ने सोशल मीडिया पोस्ट कर नीतीश कुमार को भीगी बिल्ली बताते हुए मौकापरस्त और धोखेबाज तक कह दिया। इसके साथ ही उन्होंने नीतीश कुमार से कुर्सी छीने जाने की भी बात कही। रोहिणी आचार्य ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा है कि 'बन कर भीगी बिल्ली , चाचा चले गए आज दिल्ली .. सही कहा गया है " मौकापरस्ती और धोखा बिना भुगतान के पीछा नहीं छोड़ते" .. भुगतना पड़ गया ना चाचा जी .. ! .. एक - दो दिन में छिन जाएगी कुर्सी और टूट जाएगा नाता सियासत - ए - बिहार से , काश आप रह पाते बिना पलटीमार के ..!!'

यह भी पढ़ें    -   13 के बाद शुरू होगी नई सरकार के गठन की कवायद, नीतीश के खास संजय झा ने कह दी बड़ी बात

बता दें कि नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने और निर्वाचित होने के बाद से ही एक तरफ कहा जा रहा है कि बिहार सरकार में अब नेतृत्व भाजपा के हाथ में जायेगा तो दूसरी तरफ निशांत को भी सीएम बनाये जाने की बात हो रही है। हालांकि राजनीतिक जानकारों की मानें तो यह तय है कि बिहार में पहली बार भाजपा अपना मुख्यमंत्री बनाने जा रही है जिसके लिए कई नेताओं का नाम रेस में चल रहा है। हालांकि अभी यह तय नहीं हो पाया है कि बिहार का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा लेकिन राजनीतिक जानकारों का मानना है कि नया मुख्यमंत्री भाजपा से ही होगा जिसके बाद विपक्ष लगातार भाजपा पर नीतीश कुमार को ठगे जाने का आरोप लगा रहा है।

यह भी पढ़ें    -   बिहार में नई सरकार के लिए BJP कल लेगी बड़ा फैसला, दोनों डिप्टी सीएम के साथ ही ये मंत्री भी गई दिल्ली

YouTube Video