पटना: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार इन दिनों समृद्धि यात्रा कर रहे हैं और हर जगह उनके साथ उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी देखे जा रहे हैं। हर जगह पर कार्यक्रम के दौरान सीएम नीतीश के सम्राट के प्रति झुकाव दिख रहा है और इसके बाद से बिहार की सियासी गलियारों में चर्चा तेज हो गई है कि अब अगले मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ही बनेंगे। हालांकि इस मामले में अभी तक NDA की तरफ से कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया गया है लेकिन केंद्रीय मंत्री एवं NDA के सहयोगी हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा के संस्थापक जीतन राम मांझी ने भी बड़ा संकेत दे दिया है। जीतन राम मांझी ने राज्यसभा जाने के बाद भी बिहार की रजनीति में नीतीश कुमार का दबदबा कायम रहने और उनकी इक्षानुसार ही अगले मुख्यमंत्री के चयन की बात कही है।

पटना एयरपोर्ट पर मीडिया से बात करते हुए केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने कहा कि नीतीश कुमार जो कहते हैं, वह करते हैं, जो फैसला लेते हैं बिहार की राजनीति में वही होता है। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार का ही फैसला था कि मैं मुख्यमंत्री बना था और आगे भी उनकी मर्जी से कोई मुख्यमंत्री बनेगा। नीतीश कुमार जो भी फैसला लेंगे हम उनके साथ हैं। वहीं राज्यसभा जाने के बावजूद बिहार की राजनीति में निर्णय लेने के सवाल पर जीतन राम मांझी ने कहा कि उनके फैसले पर कोई सवाल नहीं है। नीतीश कुमार के मन से ही कोई मुख्यमंत्री बनेगा और हम सब उनका स्वागत करेंगे।

यह भी पढ़ें     -      राज्यसभा चुनाव में हार के लिए तेजस्वी हैं जिम्मेदार, पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव ने दिया सनसनीखेज बयान

केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी के बयान के बाद अब बिहार की राजनीति में यह कन्फर्म होता दिख रहा है कि बिहार के अगले मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ही होंगे। इसके साथ ही यह भी चर्चा तेज हो गई है कि नीतीश कुमार भले ही केंद्र की राजनीति में पहुंच जाएँ लेकिन बिहार की राजनीति में अभी भी उनका ही चलेगा। हालांकि देखने वाली बात यह भी है कि अगला मुख्यमंत्री भाजपा किस नेता को बनाती है और अपनी तरफ से मुख्यमंत्री बनाने के बाद भी नीतीश कुमार के इशारों पर काम करती है या फिर सब कुछ अपने हिसाब से चलाती है।

बता दें कि जदयू में राष्ट्रीय अध्यक्ष का भी चुनाव होना है और आज नामांकन का अंतिम दिन है। अभी तक राष्ट्रीय अध्यक्ष के पद के लिए किसी ने भी अपना नामांकन दाखिल नहीं किया है वहीं शाम में नीतीश कुमार पटना से दिल्ली पहुंचेंगे और पार्टी के राष्ट्रीय कार्यालय में जा कर अपना नामांकन दाखिल करेंगे। नीतीश कुमार एक बार फिर से पार्टी की कमान संभालेंगे यह तय है और वह निर्विरोध पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जायेंगे।

यह भी पढ़ें     -      मोदी जी विश्वगुरु हैं तो यह काम करें तो मानेंगे, पटना में सड़क पर उतरे कांग्रेस कार्यकर्ता तो प्रदेश अध्यक्ष ने कहा...