पटना: राजधानी पटना की पुलिस ने नकली नोट के अवैध कारोबार में बड़ी कार्रवाई करते हुए लाखों रूपये के नकली नोट के साथ चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पटना की पुलिस ने गिरफ्तार लोगों से पूछताछ के आधार पर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि नकली नोट कारोबार में शामिल एक अभियुक्त विदेश से पढाई कर लौटा है साथ ही उसका पॉलिटिकल कनेक्शन भी है। पुलिस ने इनके पास से एक कार भी जब्त किया है।
मामले की जानकारी देते हुए पटना सिटी एसपी पूर्वी परिचय कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर अगमकुआं थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है जिनके पास से 100-100 रूपये की 20 गड्डी तथा 500 रूपये की 5 गड्डियां बरामद की गई है। कुल बरामद रकम दो लाख दो हजार पांच सौ रूपये की है। इसके साथ ही जाली नोट के परिवहन में प्रयुक्त एक कार भी पुलिस ने बरामद किया है।
पटना सिटी एसपी ने बताया कि गिरफ्तार कारोबारियों की पहचान खुसरुपुर के रहने वाले दो भाई राणा लव और राणा कुश तथा वैशाली के लालगंज निवासी अस्मित कुमार और नालंदा के इस्माइलपुर निवासी आशुतोष कुमार के रूप में की गई। उन्होंने बताया कि आरोपी इटली के यूनिवर्सिटी ऑफ़ पडवा से इनफार्मेशन टेक्नोलॉजी में बैचलर का कोर्स कर रहा था। वहां उसने शेयर मार्किट में भी रूपये लगाये थे जो किसी कारण डूब गए और इसी वजह से इसने वहां मारपीट की थी और पुलिस से बचने के लिए दुबई के रास्ते भारत लौट आया था।
सिटी एसपी ने बताया कि पूछताछ में सभी लोगों ने बताया कि ये लोग उत्तर प्रदेश से नकली नोट लाते हैं और यहां अन्य दो -तीन लोगों के माध्यम से बाजार में चलाते हैं। ये लोग पहले भी दो बार 50-50 हजार रूपये की खेप ला चुके हैं। इनका आपराधिक इतिहास अभी खंगाला जा रहा है। सिटी एसपी ने बताया कि गिरफ्तार दो भाई राणा लव और राणा कुश उत्तर प्रदेश से नकली नोट के खेप को मैनेज करता था जबकि गिरफ्तार अन्य दो लोगों के पहचान के व्यक्तियों के माध्यम से नोट बाजार में चलाये जाते थे। अब इस मामले में हम EOU तथा अन्य जांच एजेंसियों को भी जानकारी देंगे और कोर्ट से रिमांड पर लेकर पूरी जानकारी हासिल करने की कोशिश की जाएगी।
सिटी एसपी ने बताया कि दोनों भाइयों ने अपने पिता का संबंध किसी राजनीतिक पार्टी से बताया है। हालांकि अभी हमलोग इसे वेरीफाई कर रहे हैं और बिना वेरीफाई किये किसी भी पार्टी का नाम नहीं ले सकते हैं। इनके मोबाइल से हमें कुछ वीडियो भी मिला हिया जिसमें नकली नोट की छपाई होती दिख रही है। फ़िलहाल यह कन्फर्म नहीं है कि नोट कहाँ छापे जा रहे थे। बिहार में नकली नोट के कारोबार का मास्टरमाइंड राणा लव है जबकि इस गिरोह का मुख्य सरगना कौन है अभी यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है।