पति ने कर ली साली से शादी तो आहत पत्नी ने उठाया बड़ा कदम, 6 वर्ष की मासूम के साथ...
नालंदा: नालंदा से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है जहां पारिवारिक कलह की वजह से एक महिला ने अपनी 6 वर्ष की मासूम बच्ची समेत खुद जहर खा कर जान दे दी। घटना की जानकारी मिलने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फ़ैल गई वहीं परिजनों में कोहराम मच गया। मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर छानबीन शुरू कर दी है। वहीं मृतिका के मायके वाले ने पति पर कई गंभीर आरोप लगाये हैं। पुलिस ने फ़िलहाल शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया है।
घटना नालंदा के रहुई थाना क्षेत्र के रामपुर गांव की है। घटना के संबंध में मृतिका के मायके वाले ने बताया कि वर्ष 2016 में मृतिका की शादी पिंटू कुमार नामक युवक के साथ हुई थी। शादी के कुछ दिन बाद ही युवक का अपनी ही साली से प्रेम प्रसंग हो गया जिसके बाद दोनों में करीबी बढती ही चली गई। इस संबंध का जब मृतिका ने विरोध किया तो पति ने उसके साथ भी मारपीट करना शुरू कर दिया और इसी बीच 2018 में उसने अपनी ही साली से शादी कर ली। पति की दूसरी शादी से खफा पत्नी ने पुलिस में शिकायत की जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। करीब दो महीने जेल में रहने के बाद जब मृतिका का पति जेल से बाहर निकला तो उसने अपनी पहली पत्नी पर केस खत्म करने का दबाव बनाना शुरू कर दिया।
यह भी पढ़ें - नीतीश कैबिनेट की बैठक में 32 योजनाओं पर लगी मुहर, शिक्षा-स्वास्थ्य समेत अन्य कई एजेंडे...
मृतिका के मायके वाले ने बताया कि पति की साली के साथ दूसरी शादी और पति के द्वारा बार बार दबाव बनाये जाने की वजह से मृतिका तनाव में जी रही थी। वहीं स्थानीय लोगों के अनुसार मृतिका बुधवार को अपनी बच्ची के साथ बाजार की तरफ गई थी जहां उसने जहर खरीद कर बच्ची को पिला दिया और खुद भी पी ली। इस दौरान किसी ने उसे बेहोश देख कर परिजनों को सूचना दी जिसके बाद उसे सदर अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया। सदर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने मां बेटी को विम्स पावापुरी रेफर कर दिया जहां इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई। महिला और उसकी बेटी की मौत के बाद मायके के लोगों ने पति पर कई गंभीर आरोप लगाये हैं।
मिली जानकारी के अनुसार मृतिका के पिता ने बिहार थाना में पति समेत 5 लोगों पर जान मारने की धमकी और जबरन जहर पिला कर हत्या करने का मामला दर्ज कराया है। घटना के संबंध में में रहुई थानाध्यक्ष ललित विजय ने बताया कि फ़िलहाल दोनों शवों का पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सौंप दिया गया है। परिजन की शिकायत के आधार पर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
यह भी पढ़ें - महाबोधि कॉरिडोर निर्माण को लेकर काम हो गया है शुरू, DM ने बैठक कर स्थानीय लोगों से ली राय..
नालंदा से मो महमूद आलम की रिपोर्ट