पटना: बड़ी खबर राजधानी पटना से है जहां सीएम नीतीश की अध्यक्षता में आयोजित कैबिनेट की बैठक में कुल 32 एजेंडों पर मुहर लगाई गई। कैबिनेट की बैठक में शिक्षा, स्वास्थ्य, उद्योग समेत कई विभागों के योजनाओं को स्वीकृति दी गई है। कैबिनेट की बैठक में अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के छात्रों के लिए बढाई गई छात्रवृति की राशि की स्वीकृति दी गई। इसके साथ ही बक्सर में भारत रत्न उस्ताद बिस्मिल्ला खान के नाम पर संगीत विश्वविद्यालय निर्माण हेतु भी कैबिनेट ने साढ़े चौदह करोड़ रूपये की स्वीकृति दी है।
नवगठित उच्च शिक्षा विभाग के कार्यों के लिए अधिकारी समेत अन्य पदों 161 पदों के सृजन की भी स्वीकृति दी गई है। राजधानी पटना में बिहार विशेष सशस्त्र बल-01 गोरखा वाहिनी के स्थापना एवं आधारभूत संरचना के निर्माण हेतु नौबतपुर में चिह्नित भूमि के अधिग्रहण के लिए राशि की स्वीकृति दी गई। बिहार पुलिस के अंतर्गत स्पेशल ऑग्जिलरी पुलिस (SAP) के रूप में कार्यरत जवानों के अनुबंध विस्तारीकरण सहित 17000 पदों पर भारतीय सेना एवं अर्धसैनिक बलों के रिटायर्ड जवानों की नियुक्ति की स्वीकृति कैबिनेट की बैठक में दी गई। राजधानी पटना में स्थित चिड़ियां घर में टॉय ट्रेन के संचालन के लिए दानापुर रेल मंडल से ब्रीज रिटेनिंग वाल समेत अन्य काम करवाने की भी कैबिनेट ने स्वीकृति दी।
यह भी पढ़ें - अब बिहार की महिलाओं को मिलेंगे दो लाख रूपये, CM नीतीश ने कर दिया एलान...
राज्य में निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज और अस्पताल के निर्माण में अब तक के लंबित विपत्रों के विरुद्ध भुगतान के लिए 5 अरब राशि के भुगतान की स्वीकृति कैबिनेट की बैठक में दी गई। इसके साथ ही कैबिनेट ने भूमि सुधार उप समाहर्ता के पद को अनुमंडल राजस्व पदाधिकारी में बदलने की भी स्वीकृति दी। साथ ही मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के द्वारा घोषित योजना 'मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना' के तहत लाभुकों को अतिरिक्त वित्तीय सहायता उपलब्ध करने की भी स्वीकृति कैबिनेट की बैठक में दी गई। बिहार में सेमीकंडक्टर उद्योग को बढ़ावा देने के लिए बिहार सेमीकंडक्टर पालिसी 2026 को भी स्वीकृति दी गई।
यह भी पढ़ें - UGC नियम केवल भूमिहार, राजपूत ब्राहमण के लिए नहीं बल्कि..., पप्पू यादव ने कहा 'यादव भी...'
पटना से दक्षा प्रिया की रिपोर्ट