darsh news

Neet छात्रा मामले में हॉस्टल के मालिक के घर रेड , घर से मिले अहम सुराग

neet student case

पटना: नीट की तैयारी कर रही छात्रा के साथ हुई दरिंदगी के मामले में पुलिस जांच लगातार तेज होती जा रही है। इस केस में बेऊर जेल में बंद शंभू गर्ल्स हॉस्टल के मकान मालिक मनीष रंजन के पैतृक गांव में एसआईटी ने बुधवार की अलसुबह छापेमारी की। जहानाबाद जिले के मखदुमपुर थाना क्षेत्र के खरका गांव में पहुंची पुलिस टीम ने मनीष रंजन के घर के एक-एक कमरे की गहन तलाशी ली। छापेमारी के दौरान पुलिस ने घर से कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और सामग्री जब्त की है। हालांकि, एसआईटी ने आधिकारिक रूप से यह नहीं बताया है कि क्या-क्या बरामद हुआ है। पुलिस टीम करीब चार घंटे तक गांव में मौजूद रही और मनीष रंजन के परिजनों से विस्तार से पूछताछ की।

पूछताछ के दौरान यह जानकारी जुटाई गई कि मनीष रंजन आखिरी बार कब गांव आया था और किन-किन जगहों पर गया था। पुलिस को पता चला कि पांच जनवरी को मनीष रंजन अपने गांव से पटना गया था। उसी दिन पीड़ित छात्रा भी ट्रेन से पटना पहुंची थी। एसआईटी ने स्थानीय पुलिस से भी मनीष रंजन के आपराधिक रिकॉर्ड की जानकारी ली, जिसमें सामने आया कि मखदुमपुर थाने में उसके खिलाफ पहले से एक मामला दर्ज है।

यह भी पढ़ें: लैंड फॉर जॉब मामले की सुनवाई आज, लालू फैमिली हो सकती है पेश

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि मनीष रंजन पटना से अक्सर गांव आता-जाता था और सामाजिक कार्यक्रमों में भाग लेता था। उसका कई सफेदपोश लोगों के साथ उठना-बैठना था। इस संबंध में भी एसआईटी ने पूरी जानकारी जुटाई है। इसके अलावा पड़ोसियों से भी पूछताछ कर उसके व्यवहार और गतिविधियों के बारे में जानकारी ली गई। इधर, एसआईटी ने राजेंद्रनगर स्थित प्रभात मेमोरियल अस्पताल के संचालक और डॉक्टरों से भी पूछताछ की है। पुलिस ने छात्रा के इलाज से जुड़ी पूरी जानकारी ली। परिजनों ने अस्पताल पर इलाज में लापरवाही और हॉस्टल संचालक से मिलीभगत का आरोप लगाया था। इसी कड़ी में पुलिस ने छह जनवरी के सीसीटीवी फुटेज को दोबारा देखा और अस्पताल कर्मियों के बयान दर्ज किए।

यह भी पढ़ें: बारिश के बाद फिर लौटी ठंड! बिहार के 5 जिलों में अलर्ट, शाम होते ही बदलेगा मौसम

छात्रा के साथ दरिंदगी की पूरी सच्चाई सामने लाने के लिए एसआईटी संदिग्धों की सूची तैयार कर रही है। जल्द ही कई लोगों के डीएनए टेस्ट के लिए खून के नमूने लिए जाएंगे। अब तक छात्रा के करीबी रिश्तेदारों समेत कुल 16 लोगों के रक्त नमूने जांच के लिए लिए जा चुके हैं, हालांकि बुधवार को किसी का नमूना नहीं लिया गया।

यह भी पढ़ें: आज का राशिफल: मेहनत, मौके और सावधानी का दिन, जानिए किस राशि की चमकेगी किस्मत


Scan and join

darsh news whats app qr