Join Us On WhatsApp

बारिश के बाद फिर लौटी ठंड! बिहार के 5 जिलों में अलर्ट, शाम होते ही बदलेगा मौसम

बिहार में बारिश के बाद ठंड फिर बढ़ गई है। कुछ जिलों में यलो अलर्ट जारी है और सुबह-शाम सर्दी का असर महसूस किया जा रहा है।

Weather update
बारिश के बाद फिर लौटी ठंड! बिहार के 5 जिलों में अलर्ट, शाम होते ही बदलेगा मौसम- फोटो : Darsh News

बिहार के कई जिलों में बुधवार को हुई बारिश के बाद ठंड एक बार फिर बढ़ गई है। मौसम में आए इस बदलाव से लोगों को सुबह और शाम ज्यादा सर्दी का एहसास हो रहा है। मौसम विभाग ने आज भी राज्य के 5 जिलों में बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। हालांकि पटना समेत कई जिलों में मौसम साफ रहने की संभावना है, लेकिन हल्के बादल आसमान में छाए रह सकते हैं।मौसम विभाग के अनुसार, शाम होते-होते कनकनी बढ़ सकती है और रात में कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी भी हो सकती है। आज अधिकतम तापमान 20 से 24 डिग्री सेल्सियस के बीच और न्यूनतम तापमान 6 से 10 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। बीते 24 घंटे की बात करें तो बगहा में तेज बारिश दर्ज की गई, जबकि बक्सर में हल्की बूंदाबांदी हुई। औरंगाबाद, बेतिया, सुपौल समेत करीब 10 जिलों में सुबह के समय कोहरा छाया रहा और बादल भी देखे गए। 7.4 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान के साथ भागलपुर राज्य का सबसे ठंडा जिला रहा। कोहरे का असर रेल यातायात पर भी पड़ा है। कोहरे की वजह से चार ट्रेनें देरी से चलीं। पलामू एक्सप्रेस करीब 1 घंटे 6 मिनट, साउथ बिहार एक्सप्रेस 5 घंटे 17 मिनट, मगध एक्सप्रेस 2 घंटे 55 मिनट और इंदौर–पटना एक्सप्रेस 1 घंटे 53 मिनट लेट रही।

बारिश का कारण 

मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक उत्तर भारत के ऊपर सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी के कारण बिहार में यह स्थिति बनी हुई है। इसके साथ ही पछुआ और पूरवा हवाओं के आपसी टकराव से बादल बन रहे हैं और कुछ इलाकों में बारिश हो रही है।

आगे कैसा रहेगा मौसम?

मौसम विभाग का कहना है कि बारिश के बाद न्यूनतम तापमान में 1 से 2 डिग्री तक गिरावट हो सकती है। इससे सुबह और रात की ठंड बढ़ेगी। हालांकि बहुत ज्यादा कड़ाके की ठंड लौटने के आसार नहीं हैं, लेकिन हल्की से मध्यम ठंड कुछ दिनों तक बनी रह सकती है।

पटना का हाल 

पटना में आज बारिश की संभावना कम है। आसमान में बादल छाए रहेंगे। सुबह-शाम हल्की ठंड और दिन में सुहावना मौसम रहने की उम्मीद है। यहां अधिकतम तापमान 22 से 24 और न्यूनतम तापमान 8 से 10 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।

Scan and join

darsh news whats app qr
Join Us On WhatsApp