पटना: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार कल राज्यसभा की सदस्यता का शपथ लेने के लिए दिल्ली जायेंगे और कहा जा रहा है कि 11 अप्रैल को वहां से लौटने के बाद वह सीएम पद से अपना इस्तीफा दे सकते हैं। इसके बाद राज्य को एक नया नेतृत्व मिल जायेगा। इस बीच चर्चा जोरों पर है कि बिहार में पहली बार भाजपा की तरफ से मुख्यमंत्री बनाया जायेगा जबकि सरकार में जदयू की भी अहम भूमिका होगी। इससे पहले पार्टी के प्रवक्ता नीरज कुमार के आवास पर लगे एक पोस्टर ने सियासी महकमे में गहमागहमी बढ़ा दी है। हालांकि इस पोस्टर के संबंध में बात करते हुए नीरज कुमार ने एक तरफ जहां नीतीश कुमार को क्लाइमेट लीडर बताया तो निशांत कुमार को क्लाइमेक्स लीडर और कहा कि हमारी पार्टी का भविष्य पूरी तरह से तैयार है।
दर्श न्यूज़ से खास बातचीत करते हुए एमएलसी नीरज कुमार ने कहा कि यह पोस्टर हमारी भावना है, हमारा विरासत मजबूत है। हम आहत हैं लेकिन हमें राहत है कि नीतीश कुमार ने हमें कह दिया है कि 'मैं हूँ न'। साथ ही पार्टी के आग्रह पर निशांत कुमार को पार्टी में लाया गया और अब तीर भी उनके हवाले कर दिया गया है। तो जय निशांत, तय निशांत, तीर निशांत ही है। जब हमने यह इन्हें सौंप दिया तो विरासत किसका 'क्लाइमेट लीडर' नीतीश कुमार और हमारी चाहत है कि भविष्य इतना दमदार बने कि ये क्लाइमेक्स लीडर बन जायें, यानि क्लाइमेट से क्लाइमेक्स की ओर बढ़ता सफर है।
यह भी पढ़ें - ...तो सम्राट के नाम पर नीतीश ने लगा दी मुहर, चौधरी के नाम पर भाजपा में भी बन गई है सहमति या है कुछ और प्लान?
इस दौरान एमएलसी नीरज कुमार ने कहा कि निशांत कुमार हैं तैयार, यानि पार्टी में उन्हें हमारे नेताओं ने सर्वमान्य रूप से स्वीकार कर लिया है कि अब पार्टी के भविष्य निर्माता निशांत कुमार होंगे। संगठन और सरकार में उनकी क्या भूमिका होगी यह राष्ट्रीय नेतृत्व ही तय करेगी। इतना जरुर है कि सरकार में उनकी एक प्रभावी भूमिका होगी। पार्टी की कमान दे दी और इतनी बड़ी संख्या हमारे MP और MLA की है, नेतृत्व इनके हाथ में है तो पार्टी तय कर लेगी। ये अनुशासित लोग हैं, ऐसा नहीं है कि गुण नहीं है फिर भी कहेंगे कि 'एकरे आगे बढ़ावा'। वहीं निशांत कुमार कुमार को सीएम या डिप्टी सीएम बनाये जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि यह हमारे अधिकार क्षेत्र से बाहर है, राष्ट्रीय नेतृत्व को यह तय करना है लेकिन पूरा बिहार हमारा परिवार की छाया रहेगी और निशांत कुमार के नेतृत्व की छाया जरुर रहेगी।
इस दौरान भाजपा के द्वारा नीतीश कुमार के साथ खेला किये जाने के आरोप पर नीरज कुमार ने कहा कि विधानमंडल दल की बैठक में हमारे नेता ने खुद अपना निर्णय बताया है। इस तरह का आरोप कतई स्वीकार नहीं है, हमारे नेता के निर्णय को पूरी पार्टी ने स्वीकार किया है। हर दल का कार्यकर्ता अपने नेता के फैसले से आहत जरुर है लेकिन उनके फैसले का सम्मान है। 77 वर्ष का आदमी भावुक हो कर कह रहा है कि कहाँ जा रहे हैं, एमपी-एमएलए बनना है, बिहार छोड़ कर न जाएं।
यह भी पढ़ें - IAS अधिकारी बन दंपत्ति ने ठग लिए 35 लाख, पुलिस ने पकड़ा तो तरीका देख हैरान
इस दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के द्वारा स्वास्थ्य विभाग के करीब 5 हजार नवनियुक्त कर्मियों को नियुक्ति पत्र वितरण और दूसरी तरफ नेता प्रतिपक्ष के द्वारा स्वास्थ्य विभाग पर सवाल उठाये जाने को लेकर कहा कि ये खुद स्वास्थ्य मंत्री रहते हुए क्या कर रहे थे, इनके भाई भी रहे हैं। ये केरल में जा कर बिहार की बेटियों का अपमान कर रहे हैं जबकि नीतीश कुमार 4594 बेटियों को बिना जमीन लिखवाए और बिना रिश्वत दिए नौकरी मिल गई तो इन्हें अपच हो रहा है। अरे कितना संपत्ति रखियेगा, कफन में जेब होता है क्या? स्वास्थ्य विभाग की इतना चिंता है तो दे दीजिये पटना का अपना 43 बीघा जमीन, हम भव्य अस्पताल बना देंगे।
बता दें कि नीरज कुमार ने अपने आवास पर एक पोस्टर लगाया है जिसमें नीतीश कुमार और निशांत कुमार की फोटो लगी है। साथ ही लिखा है कि 'विरासत मजबूत, भविष्य दमदार - निशांत कुमार हैं तैयार'। अब इस पोस्टर के बाद बिहार की सियासत में हलचल तेज हो गई है वहीं अब पक्का माना जा रहा है कि बिहार की नई सरकार में निशांत कुमार को महत्वपूर्ण भूमिका मिलने जा रही है।
यह भी पढ़ें - साली के प्यार में पागल बना आशिक चढ़ा मोबाइल टॉवर पर, दोनों के हैं 2-2 बच्चे फिर भी रहना चाहता है साथ
पटना से कुमार मनीष की रिपोर्ट