जहानाबाद: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्यसभा जाने की घोषणा के साथ ही अपनी समृद्धि यात्रा पर निकल पड़े। सोमवार को यात्रा के पांचवें चरण में सीएम नीतीश जहानाबाद पहुंचे जहां उन्होंने करीब 252 करोड़ रूपये की विभिन्न योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया। समृद्धि यात्रा में सीएम नीतीश के साथ उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री सम्राट चौधरी भी मौजूद रहे। इन दिनों बिहार में नेतृत्व परिवर्तन की आहट के बीच नीतीश कुमार और सम्राट चौधरी की केमिस्ट्री की खूब चर्चा हो रही है। एक तरफ जहां नीतीश कुमार सम्राट चौधरी के कंधे पर हाथ रख कर इशारा कर रहे हैं कि यही बिहार के अगले मुख्यमंत्री होंगे तो दूसरी तरफ सम्राट चौधरी भी नीतीश कुमार के तारीफों की पुल बांधते हुए नहीं थक रहे हैं।
सोमवार को समृद्धि यात्रा के पांचवें चरण के दौरान नीतीश कुमार जहानाबाद पहुंचे जहां उन्होंने एक जनसभा को भी संबोधित किया। जनसभा को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सीएम नीतीश की तुलना सम्राट अशोक, जरासंध और चाणक्य से की। उन्होंने कहा कि मगध के इतिहास के पन्नों में जैसे सम्राट अशोक, जरासंध और चाणक्य की चर्चा होती है उसी तरह से बिहार के विकास के जिक्र में नीतीश कुमार का नाम सबसे पहले आएगा। अभी बिहार में उनके नेतृत्व में सरकार चल रही है और आगे भी उनके ही मार्गदर्शन में सरकार चलेगी। डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि सरकार ने सभी प्रखंडों में डिग्री कॉलेज खोलने का निर्णय लिया है जिस पर काम चल भी रहा है। सरकार की योजना है कि इस वर्ष जुलाई से इन कॉलेजों में पढाई भी शुरू कर दी जाये।
यह भी पढ़ें - कन्हौली-शेरपुर रिंग रोड खत्म करेगा पटना का ट्रैफिक बोझ, जमीन अधिग्रहण के लिए ...
वहीं दूसरी तरफ जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम नीतीश ने अपने कार्यकाल में किये गए कामों का उल्लेख करते हुए पिछली सरकार पर भी हमले किये। उन्होंने कहा कि राज्य में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और बिजली जैसे बुनियादी क्षेत्रों में काफी काम किया गया है। NDA की सरकार ने पूरी प्रतिबद्धता के साथ अपने सभी वादों को पूरा किया है और अपने वादों पर काम कर रही है। पहले यहां की स्थिति काफी खराब थी, कम दूरी होने के बावजूद पटना आने जाने के लिए लोगों को जद्दोजहद करना पड़ता था लेकिन अब सड़कें चौड़ी हो गई है और राजधानी से सबसे दूर वाले इलाकों से भी अधिकतम पांच घंटों में पटना पहुंचा जा सकता है।
समृद्धि यात्रा के दौरान सीएम नीतीश ने जहानाबाद के पुराने प्रखंड कार्यालय परिसर में चल रहे सिलाई प्रशिक्षण कार्यक्रम का निरीक्षण किया साथ ही गांधी मैदान में विभिन्न विभागों द्वारा लगाये गए स्टॉलों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों के साथ बैठक कर विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की और उसकी क्रियान्वयन की जानकारी ली साथ ही सभी योजनाओं को शीघ्र पूरा करने का निर्देश भी दिया।
जहानाबाद से पवन कुमार की रिपोर्ट