पटना: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार राजनीति में एंट्री लेने के बाद से लगातार सक्रिय दिख रहे हैं। एक बार फिर सोमवार को निशांत जदयू कार्यालय पहुंचे जहां उन्होंने पार्टी के नेता और कार्यकर्ताओं से मुलाकात की और बातचीत की। इस दौरान कार्यकर्ताओं में काफी जोश दिखा और बिहार का अगला मुख्यमंत्री कैसा हो, निशांत कुमार जैसा हो के नारे भी लगाये। इस दौरान निशांत ने मीडिया से भी बातचीत की और कहा कि उनके पिता जी लोहिया जी से प्रभावित थे और उन्होंने उनकी नक्शे कदम पर चलते हुए राज्य में महिलाओं के उत्थान और सुरक्षा के लिए कई कदम उठाये। निशांत ने इस दौरान कहा कि मैंने जितना देखा और समझा है उसके अनुसार मेरी भी कोशिश होगी कि अपने पिता जी और लोहिया जी के विचारधारा पर आगे बढूँ और लोगों की सेवा करूं।
निशांत कुमार ने कहा कि एक बार गांधी मैदान में लोहिया जी का भाषण सुन कर मेरे पिता जी एक तरह से उनके शिष्य बन गए। लोहिया जी का सिद्धांत रहा है नर-नारी समानता, जाति धर्म का भेदभाव न हो, आर्थिक समानता और सत्य अहिंसा और उस सिद्धांत को मेरे पिता जी ने राज्यहित में लागू भी किया। मेरे पिता जी ने सरकार नौकरी में निकाय चुनावों में महिलाओं को आरक्षण दिया, ताकि नर-नारी समानता हो सके। जाति-रंग और धर्म में भेदभाव न करके वह सबको साथ लेकर चले और हमेशा अहिंसा की राह पर चले। मेरे पिता जी को जब 2005 में सत्ता मिली तो वह सभी को साथ लेकर सत्य अहिंसा के मार्ग पर चलते हुए राज्य का विकास किया।
यह भी पढ़ें - बिहार में BJP का CM चाहते हैं चिराग, कहा 'NDA में हो गया है निर्णय अब बस...'
अभी हमारा राज्य बिहार दिवस मना रहा है मैं उसकी सभी को शुभकामना देता हूँ। हमारी जो संस्कृति रही है उस पर हमें गर्व है और उसी गर्व के क्षणों को उत्सव के रुप में मनाने के लिए बिहार दिवस का आयोजन किया जा रहा है। बता दें कि पार्टी में निशांत की एंट्री को लेकर लंबे समय से मांग उठ रही थी लेकिन निशांत ने राजनीति में कदम नहीं रखा। सीएम नीतीश ने जब मुख्यमंत्री की कुर्सी छोड़ कर राज्यसभा जाने की घोषणा की उसके बाद 8 मार्च को निशांत ने पार्टी की सदस्यता ली और लगातार सक्रियता के साथ नेता और कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर रहे हैं साथ ही विभिन्न राजनीतिक कार्यक्रमों में भी देखे जा रहे हैं। कहा जा रहा है कि नए मुख्यमंत्री के नेतृत्व में निशांत कुमार को भी कोई अहम जिम्मेदारी दी जा सकती है। हालांकि पार्टी में उन्हें मुख्यमंत्री बनाये जाने की भी मांग उठ रही है।
यह भी पढ़ें - समस्तीपुर के आदित्य बने साइंस टॉपर, बिहार बोर्ड ने 25 दिनों में जारी किया रिजल्ट, जानें पूरी टॉपर लिस्ट
पटना से विशाल कुमार की रिपोर्ट




