बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा घोषित इंटरमीडिएट परीक्षा परिणाम में गया जिले की निशु कुमारी ने आर्ट्स संकाय में पूरे राज्य में प्रथम स्थान हासिल कर नया इतिहास रच दिया है। खिजरसराय प्रखंड के लोदीपुर गांव की रहने वाली निशु की इस सफलता से परिवार, स्कूल और पूरे इलाके में खुशी की लहर दौड़ गई है।

निशु यशवंत इंटर स्कूल की छात्रा रही हैं और शुरू से ही पढ़ाई में अव्वल मानी जाती रही हैं। उन्होंने सभी विषयों में उत्कृष्ट अंक प्राप्त कर अपनी मेहनत और लगन का शानदार उदाहरण पेश किया है। उनके शिक्षकों का कहना है कि निशु का पढ़ाई के प्रति समर्पण और अनुशासन ही उनकी सबसे बड़ी ताकत रही है। स्कूल के शिक्षक मनोज कुमार ने बताया कि निशु हमेशा लक्ष्य को लेकर स्पष्ट रहती थीं और उसी दिशा में लगातार मेहनत करती थीं।

यह भी पढ़ें : मेरे पिता जी लोहिया के सिद्धांतों पर चले और बिहार का विकास किया, पार्टी कार्यालय में निशांत ने की कार्यकर्ताओं से मुलाकात और...

निशु की सफलता की कहानी और भी खास इसलिए है क्योंकि उन्होंने पहले भी मैट्रिक परीक्षा में बेहतरीन प्रदर्शन किया था, लेकिन कुछ अंकों से टॉप करने से चूक गई थीं। उस समय उन्होंने हार नहीं मानी, बल्कि अपनी कमजोरी को ताकत बनाकर और ज्यादा मेहनत की। यही जज्बा उन्हें आज इस मुकाम तक लेकर आया है। बताया जाता है कि परीक्षा के बाद ही निशु को अपने प्रदर्शन पर पूरा भरोसा था। 

यह भी पढ़ें: कन्हौली-शेरपुर रिंग रोड खत्म करेगा पटना का ट्रैफिक बोझ, जमीन अधिग्रहण के लिए ...

इंटरव्यू के लिए बुलाए जाने के बाद उन्होंने आत्मविश्वास के साथ कहा था कि इस बार वह टॉप करेंगी, और उनका यह विश्वास आज हकीकत बन गया। निशु की इस उपलब्धि ने न सिर्फ उनके परिवार का मान बढ़ाया है, बल्कि पूरे क्षेत्र के छात्रों के लिए प्रेरणा का स्रोत भी बन गई है। उनकी सफलता यह संदेश देती है कि कड़ी मेहनत, आत्मविश्वास और निरंतर प्रयास से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।

यह भी पढ़ें: समस्तीपुर के आदित्य बने साइंस टॉपर, बिहार बोर्ड ने 25 दिनों में जारी किया रिजल्ट, जानें पूरी टॉपर लिस्ट