पटना: मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह को दुलारचंद यादव हत्याकांड में चार दिन पहले कोर्ट ने जमानत दे दी है बावजूद इसके वह अब तक जेल से बाहर नहीं निकल सके हैं। कहा जा रहा था कि अनंत सिंह सोमवार को जेल से बाहर आ जायेंगे लेकिन अब तक उनकी रिहाई का आदेश नहीं मिल सका है। बेउर जेल में रिहाई आदेश नहीं पहुंच पाने की स्थिति में अब आशंका है कि अनंत सिंह को एक और रात जेल में ही बिताना पड़ेगा। अनंत सिंह की रिहाई की ख़ुशी में उनके समर्थकों ने काफी तैयारी कर रखी है लेकिन प्रतीत हो रहा है कि उनके रंग में भंग पड़ने वाला है।
एक जानकरी के अनुसार सोमवार की शाम तक बाहुबली विधायक अनंत सिंह की रिहाई का आदेश कोर्ट से बेउर जेल नहीं पहुंच सका था। रिहाई आदेश और अनंत सिंह की रिहाई का इंतजार उनके समर्थक पूरे दिन करते रहे लेकिन शाम तक आदेश नहीं पहुंच पाने की स्थिति में अब माना जा रहा है कि एक और रात जेल में ही बिताना पड़ेगा। हालांकि समर्थकों की मानें तो देर शाम तक रिहाई आदेश कोर्ट से जेल पहुंच जायेगा और अनंत सिंह बाहर आ जायेंगे लेकिन अब तक की स्थिति से कुछ स्पष्ट नहीं हो रहा है।
यह भी पढ़ें - बिहार में BJP का CM चाहते हैं चिराग, कहा 'NDA में हो गया है निर्णय अब बस...'
बता दें कि अनंत सिंह के समर्थकों ने सोशल मीडिया के माध्यम से बताया था कि वह दोपहर दो बजे तक जेल से बाहर आ जायेंगे और फिर अपने पटना स्थित आवास पर आयेंगे। अनंत सिंह के जेल से छूटने की ख़ुशी में महाभोज की भी तैयारी की जा रही है और हजारों लोगों के लिए मिठाई के साथ ही विभिन्न प्रकार के खाद्य सामग्री तैयार किये जा रहे हैं। इसके साथ ही समर्थकों ने मंगलवार को पटना से बड़हिया जाने और रास्ते में रोड शो करने का भी एलान सोशल मीडिया के माध्यम से की है। फेसबुक पोस्ट के अनुसार अनंत सिंह मंगलवार को बड़हिया के प्रसिद्ध महारानी स्थान में जा कर पूजा पाठ करेंगे। इसके साथ ही बेउर जेल के बाहर भी अनंत के सिंह के सैकड़ों समर्थकों की भीड़ सुबह से ही जमा है। सभी लोग अपने हाथों में फूल माला लेकर बेसब्री से उनके जेल से बाहर आने का इंतजार कर रहे हैं।
इस दौरान अनंत सिंह के समर्थकों ने कहा कि छोटे सरकार हमलोगों का गुरुर और अभिमान हैं। हम लोग उन्हें इतना प्यार करते हैं कि हमें उनके इंतजार में लंबा दिन और धूप से कोई फर्क नहीं पड़ता है। लोगों ने कहा कि हम अपने नेता का बाहर आने का इंतजार कर रहे हैं। कुछ समय जरुर लगा लेकिन हमारे चहेते विधायक को कोर्ट ने न्याय दिया और अब वह जेल से बाहर भी आयेंगे।
बता दें कि विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान अनंत सिंह के काफिले का टकराव जन सुराज प्रत्याशी के काफिले के साथ हो गया था और इस दौरान दोनों तरफ से पत्थरबाजी भी हुई थी। झड़प के दौरान जन सुराज प्रत्याशी के एक समर्थक दुलारचंद यादव की मौत हो गई थी जिसके बाद उनके परिजनों ने अनंत सिंह और उनके समर्थकों पर हत्या का आरोप लगाया था। पुलिस ने इस आरोप में अनंत सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था जिन्हें कोर्ट ने अब लंबे समय बाद चार दिन पहले जमानत दी है लेकिन उनकी रिहाई का आदेश अब तक बेउर जेल नहीं पहुंच सका है जिसकी वजह से जमानत मिलने के बाद उनकी रातें जेल में ही कट रही है। हालांकि सोमवार को भी वह बाहर आ पाएंगे या नहीं, यह अब तक स्पष्ट नहीं है। एक तरफ अनंत सिंह के समर्थकों का कहना है कि देर शाम तक अनंत सिंह बाहर आ जायेंगे जबकि इस मामले में कोई आधिकारिक पुष्टि अब तक नहीं की गई है।
यह भी पढ़ें - समृद्धि यात्रा में जहानाबाद पहुंचे CM नीतीश, सम्राट चौधरी ने बांधे तारीफों के पुल तो...




