पटना जंक्शन पर आरपीएफ (RPF) और जीआरपी (GRP) की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय लिफ्टर-स्नैचर गिरोह का पर्दाफाश किया है। सर्च ऑपरेशन के दौरान कुल सात आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनके पास से लाखों रुपये के चोरी के गहने और मोबाइल फोन बरामद हुए हैं। रेल डीएसपी भास्कर रंजन के अनुसार, प्लेटफॉर्म नंबर 1 के पूर्वी छोर पर तीन युवक संदिग्ध स्थिति में घूमते नजर आए। टीम जब उनसे पूछताछ के लिए आगे बढ़ी, तो सभी मौके से भागने लगे। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी कर उन्हें दबोच लिया। तलाशी के दौरान उनके बैग से सोने-चांदी के आभूषण बरामद हुए, जिनके संबंध में वे संतोषजनक जवाब नहीं दे सके।
यह भी पढ़ें: समस्तीपुर के आदित्य बने साइंस टॉपर, बिहार बोर्ड ने 25 दिनों में जारी किया रिजल्ट, जानें पूरी टॉपर लिस्ट
कड़ी पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे दिल्ली में प्लंबर का काम करते थे और जिन घरों में काम करने जाते थे, वहीं से कीमती सामान चुरा लेते थे। पुलिस के अनुसार, बरामद सभी गहने चोरी के हैं और इनका नेटवर्क बिहार के साथ-साथ दिल्ली समेत अन्य राज्यों तक फैला हुआ है। इसी कार्रवाई के दौरान प्लेटफॉर्म नंबर 2 और 3 के पश्चिमी छोर से चार अन्य संदिग्धों को भी गिरफ्तार किया गया। इनके पास से चोरी के चार स्मार्टफोन बरामद किए गए हैं। कुल मिलाकर पुलिस ने करीब 7 लाख रुपये मूल्य के गहने और सामान जब्त किए हैं, जिसमें 42.37 ग्राम सोना और 462.09 ग्राम चांदी शामिल है।
यह भी पढ़ें: गया की बेटी का कमाल! निशु कुमारी बनीं इंटर आर्ट्स की बिहार टॉपर
गिरफ्तार आरोपियों में मोहम्मद अरमान, अमन कुमार, विवेक कुमार उर्फ नेपाली, सनी कुमार, मोनू कुमार, प्रमोद कुमार और राहुल कुमार शामिल हैं। जांच में यह भी सामने आया है कि इन सभी का आपराधिक इतिहास रहा है और इनके खिलाफ पटना के विभिन्न थानों में पहले से मामले दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस सभी आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों और नेटवर्क के विस्तार की जानकारी जुटाने में लगी है।




