पटना: पिछले कई दिनों से बिहार में चल रही राजनीतिक हलचल के बीच अब नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री पद से अपना इस्तीफा दे दिया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार लोक भवन में राज्यपाल से मुलाकात कर उन्हें अपना इस्तीफा सौंपा। नीतीश कुमार के साथ उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, मंत्री विजय चौधरी, जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा और केन्द्रीय मंत्री ललन सिंह भी मौजूद रहे। सीएम नीतीश ने करीब 20 वर्षों तक बिहार में सरकार का नेतृत्व करने के बाद अब राज्यसभा जाने का फैसला लिया है और अब बिहार को नया सीएम मिलने जा रहा है।

सीएम नीतीश विगत 16 मार्च को राज्यसभा के लिए निर्वाचित होने के बाद 30 मार्च को ही विधान परिषद की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था और अब उन्होंने मुख्यमंत्री पद से भी इस्तीफा दे दिया है। इससे पहले उन्होंने अपनी कैबिनेट की आखिरी बैठक की जिसमें कई मंत्री भी भावुक दिखे। इस दौरान सीएम नीतीश ने सभी मंत्रियों से कहा कि इतने दिनों तक मैं जो कर सका किया अब आप लोग अच्छे से चलाइये, मेरा मार्गदर्शन आपलोगों को मिलता रहेगा।

यह भी पढ़ें     -     आखिरी बैठक में छलका दर्द! नीतीश बोले - अब आगे आप संभालिये...4 बजे तय होगी बिहार की नई किस्मत

अब सीएम नीतीश ने लोक भवन में राज्यपाल से मुलाकात कर अपना इस्तीफा दे दिया है। बता दें कि नीतीश कुमार के बाद नई सरकार के गठन को लेकर भी कवायदें काफी तेज है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, बिहार प्रभारी विनोद तावड़े और पर्यवेक्षक शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में भाजपा विधायक दल की बैठक की गई जिसमें पार्टी की तरफ से विधायक दल के नेता चुने गए। अब नीतीश कुमार के इस्तीफा के बाद 4 बजे बिहार विधानसभा के सेंट्रल हॉल में NDA विधानमंडल दल की बैठक की जाएगी और फिर मुख्यमंत्री के नाम का भी एलान कर दिया जायेगा।

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार बिहार के नए मुख्यमंत्री बुधवार को शपथ ग्रहण करेंगे। कहा जा रहा है कि नए मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण में शामिल होने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी पटना पहुँचने वाले हैं। कल लोक भवन में प्रधानमंत्री नए मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण में शामिल होंगे। बता दें कि पहली बार भाजपा बिहार में अपना मुख्यमंत्री बनाने जा रही है।

यह भी पढ़ें     -     निशांत इस बात के लिए नहीं हो रहे हैं तैयार, जदयू की तरफ से नीतीश किसे बनायेंगे अपना चेहरा?