NEET छात्रा मामले में आरोपी और पुलिस-नेताओं का है गठजोड़, जहानाबाद पहुंचे पप्पू यादव ने लगाये गंभीर आरोप...
जहानाबाद: राजधानी पटना के चित्रगुप्त नगर थाना क्षेत्र में स्थित शंभू गर्ल्स हॉस्टल में नीट छात्रा की संदिग्ध मौत मामला बड़ा मुद्दा बन चुका है। पुलिस और SIT पर कई गंभीर आरोप लगने के बाद अब यह मामला CBI को फॉरवर्ड कर दिया गया है लेकिन इस मामले को लेकर पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव की गतिविधियां कम होने का नाम नहीं ले रही है। मंगलवार को एक बार फिर पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव जहानाबाद पहुंचे जहां वे एक न्याय मार्च में शामिल हुए। इस दौरान सैकड़ों की संख्या में लोगों ने जहानाबाद में एक न्याय मार्च निकाला और नीट छात्रा के लिए न्याय की मांग की।
इस दौरान पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव ने सरकार और पुलिस पर कई गंभीर आरोप लगाये। उन्होंने पुलिस की भूमिका पर सीधा हमला बोला और कहा कि इस मामले को लगातार दबाने की कोशिश की जा रही है। जांच के नाम पर केवल खानापूर्ति की जा रही है और साजिश के तहत मृतक छात्रा के परिजनों को ही दोषी ठहराने की कोशिश की जा रही है। इस मामले में अहम तथ्य और सुबूतों को नजरंदाज किया जा रहा है और उसके साथ छेड़छाड़ भी किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें - विधानसभा बजट सत्र के दूसरे दिन राबड़ी आवास पर जुटे महागठबंधन के सभी विधायक, क्या होगी चर्चा...
पप्पू यादव ने इस दौरान हॉस्टल संचालक, अस्पताल संचालक और हॉस्टल की वार्डन की भूमिका पर भी सवाल उठाये और कहा कि इस मामले को हम सड़क से लेकर सदन तक उठाएंगे। आगे जरूरत पड़ने पर हम सुप्रीम कोर्ट भी जायेंगे। इस दौरान उन्होंने आरोपियों के साथ पुलिस के वरीय अधिकारी और नेताओं के साथ होने का भी आरोप लगाया और कहा कि यही एक मुख्य वजह है कि अब तक नीट छात्रा मौत मामले में जांच सही दिशा में नहीं हो सकी है।
यह भी पढ़ें - बिहार का तीर्थस्थली गया जी बनता जा रहा है तस्करी का अड्डा, इस बार रेलवे स्टेशन पर....
जहानाबाद से पवन कुमार की रिपोर्ट