पटना, 27 मार्च: राजधानी पटना स्थित महावीर मंदिर में रामनवमी के अवसर पर शुक्रवार को श्रद्धालुओं का अभूतपूर्व सैलाब उमड़ पड़ा। मंदिर के पट रात 2 बजे खुलते ही भक्तों की लंबी कतारें लग गईं और दर्शन-पूजन का सिलसिला देर रात तक चलता रहा। इस बार अनुमानित 4 लाख से अधिक श्रद्धालु मंदिर में पहुंचे। सुबह श्रीराम के प्राकट्य के समय मंदिर परिसर में भक्ति का अनोखा दृश्य देखने को मिला। उद्घोष के साथ ही फूलों की वर्षा हुई और भक्त जयकारों के साथ भक्ति में डूब गए। मंदिर न्यास के सचिव सायण कुणाल और न्यायाधीश संजय कुमार ने पूजा-अर्चना कर रामलला के चित्र का अनावरण किया।

यह भी पढ़ें : नीतीश, नितिन नवीन और अरुण गोविल की मौजूदगी में पटना में रामनवमी की शोभायात्रा का भव्य दृश्य

श्रीराम के प्राकट्य के बाद सभी ध्वज बदले गए और जन्म आरती संपन्न हुई। वैदिक मंत्रों के बीच पंडित जटेश झा ने विधिवत पूजा कराई, जबकि यजमान के रूप में सायण कुणाल और संजय कुमार उपस्थित थे। इस अवसर पर विशेष तौर पर हनुमान जी के दोनों विग्रहों को 51-51 किलो के नैवेद्यम से भोग लगाया गया और श्रद्धालुओं में वितरित किया गया। इस बार कुल 22,500 किलो से अधिक नैवेद्यम की बिक्री हुई।

यह भी पढ़ें : आज मुजफ्फरपुर में गैस नहीं मिली… तो गोदाम ही लूट लिया! जानिये क्या है पूरा मामला

रात 2 बजे से शुरू हुए दर्शन में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा, प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, मंत्री रामकृपाल यादव सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे। महावीर मंदिर न्यास के अनुसार, यह 2019 के बाद रामनवमी पर सबसे बड़ी भीड़ थी। मंदिर प्रशासन ने सुरक्षा, चिकित्सा, पेयजल और भीड़ नियंत्रण के विशेष इंतजाम किए। पहली बार सबसे पहले दर्शन करने वाले 10 भक्तों और 52 झांकियों के पदाधिकारियों को सम्मानित किया गया। पटना महावीर मंदिर में उमड़ी श्रद्धालुओं की यह भीड़, राजधानी में धार्मिक उत्साह और भक्ति का जीवंत उदाहरण बन गई।