पटना में आज रामनवमी के मौके पर भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जो डाक बंगला चौराहा होकर गुजरी। इस बार चौराहा और आसपास का क्षेत्र एलईडी लाइट्स, लेजर इफेक्ट और डिजिटल मैपिंग से जगमगा रहा है। आसपास की इमारतों पर भगवान श्रीराम के जीवन प्रसंगों का डिजिटल प्रदर्शन श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक अनुभव दे रहा है। मुख्य मंच और डाक बंगला चौराहा पर भव्य 20-25 फीट ऊंची प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं, जिनमें भगवान श्रीराम, भगवान शिव और हनुमान शामिल हैं। मूर्तियां फाइबर और मिट्टी से बनी हैं और पहली बार इतनी भव्यता के साथ प्रदर्शित की जा रही हैं।
यह भी पढ़ें : आज मुजफ्फरपुर में गैस नहीं मिली… तो गोदाम ही लूट लिया! जानिये क्या है पूरा मामला
इस अवसर पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उनके पुत्र निशांत और उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी उपस्थित हैं। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने पहली बार इस शोभायात्रा का नेतृत्व किया। उनके साथ कई वरिष्ठ नेता और सांसद, जैसे कि अभिनेता एवं सांसद अरुण गोविल और भोजपुरी कलाकार एवं सांसद मनोज तिवारी, भी मौजूद हैं। 52 शोभायात्राएं खाजपुरा, बोरिंग रोड, कंकड़बाग और चौक से निकलकर डाक बंगला चौराहा पर एकत्र हुईं। झांकियों में अयोध्या के साधु-संत, दक्षिण भारत के वाद्य कलाकार, बनारस के डमरू दल, गंगा आरती टीम, मुंबई के बैंड और झारखंड के नृत्य दल शामिल हुए।
यह भी पढ़ें : बैनर में दिखा अनंत सिंह के बेटे का चेहरा, क्या खत्म होने जा रहा है अनंत सिंह का दौर?
ड्रोन के माध्यम से फूलों की वर्षा और सांस्कृतिक झलकियों ने शोभायात्रा में और भी आकर्षण बढ़ाया। आयोजन में लगभग 5 से 7 लाख श्रद्धालुओं के शामिल होने का अनुमान है। सुरक्षा के लिए 1500 पुलिसकर्मी, 500 से अधिक सीसीटीवी कैमरे और 10 हाई-रिज़ॉल्यूशन ड्रोन तैनात किए गए हैं। इसके अलावा हाईटेक कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है। इस वर्ष भी नितिन नवीन और अतिथि विभिन्न झांकियों के संचालकों को ‘पाग’ और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित करेंगे।




