पटना: कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता पवन खेड़ा के आवास पर असम पुलिस की छापेमारी के बाद से देश की राजनीति में हलचल पैदा हो गई है। छापेमारी को लेकर कांग्रेस भाजपा पर तरह तरह के आरोप लगा रही है और यह हताशा की कार्रवाई बता रही है। पवन खेड़ा के आवास पर असम पुलिस की छापेमारी के विरोध में राजधानी पटना में मंगलवार को प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान राजेश राम ने कहा कि असम में भाजपा चुनाव हार रही है और उन्हें इस बात का अहसास हो गया है कि वे लोग हार रहे हैं इसलिए हताशा में इस तरह की कार्रवाई की जा रही है। राजेश राम ने कहा कि हमलोगों ने अंग्रेजों को देश से खदेड़ा है तो ये हमें कैसे खदेड़ देंगे बल्कि जनता इन्हें सबक सिखाएगी।
पटना में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन के दौरान मीडिया से बात करते हुए प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम ने कहा कि सवाल किये जाने पर इस तरह की कार्रवाई की जा रही है। अगर आपसे सवाल किया गया है तो आपको उसका जवाब देना चाहिए लेकिन आपने पुलिस की कार्रवाई की। मैं कहना चाहता हूं अगर किसी व्यक्ति पर कोई गंभीर आरोप लगता है तो उन्हें जवाब देना चाहिए। अगर हिमंता बिश्वा सरमा की पत्नी के पास भारत का पासपोर्ट है तो वह दिखाना चाहिए। जो भी व्यक्ति जिस देश के नागरिक होते हैं उनके पास सिर्फ उसी देश का पासपोर्ट होना चाहिए। उन्हें इन बातों का जवाब देना चाहिए।
यह भी पढ़ें - सोनपुर हरिहरनाथ मंदिर पहुंचे निशांत, पूजा के बाद मंत्री बनने के सवाल पर कहा 'बाबा का आशीर्वाद है'
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम ने कहा कि जब उनके ऊपर आरोप लगे हैं तो इससे ध्यान भटकाने के लिए पुलिस भेजा और गन्दी गालियां दी। आज वे असम में अपनी पराजय को देखते हुए हमारे नेता और प्रवक्ता को डराने की कोशिश कर रहे हैं। हमलोगों ने जब अंग्रेज को खदेड़ा है, भगाया है तो उनके एजेंट से क्या डरेंगे। बिहार और देश में एक एक कांग्रेस कार्यकर्ता इस घटना की निंदा करते हैं। असम में उनकी हार निश्चित है।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने असम के मुख्यमंत्री के द्वारा विदेशी पासपोर्ट को AI जनरेटेड बताये जाने पर कहा कि उसका वीडियो फूटेज, पासपोर्ट वेरीफाई करवा लें। आपके पास जब पुलिस भेजने का पॉवर है तो आप उसकी जांच करवा कर वेरीफाई करवा लीजिये यह खदेड़ क्यों रहे हैं। ये लोग गंदे शब्दों का उपयोग इसलिए कर रहे हैं ताकि नए सवाल और जो मूल सवाल है कि उनकी पत्नी तीन देशों की नागरिक हैं वह खत्म हो जाये। उनके पास तीन अलग अलग देशों के पासपोर्ट हैं, विदेशों में संपत्ति है। वह जब चुनाव लड़ते हैं तो चुनावी हलफनामों में विदेशी संपत्ति की जानकारी नहीं देते हैं।
राजेश राम ने पवन खेड़ा की गिरफ्तारी को लेकर कहा कि उन्होंने स्पष्ट कहा है कि अगर गिरफ्तार करना है तो कर लो लेकिन लोकतंत्र में सवाल करने से अगर किसी को रोका जाता है तो गलत है। ये लोग नेताओं को ही नहीं मीडियाकर्मियों को भी सवाल करने पर दबाने की कोशिश करते हैं। राजेश राम ने कहा कि जो लोग हमारी पार्टी में रहते हुए भ्रष्टाचारी कहे जाते हैं वह वहां जाते ही धुल कर साफ हो जाते हैं और हिमंता भी अपनी प्रॉपर्टी बचाने के लिए ही कांग्रेस छोड़ कर भाजपा में गए हैं।
यह भी पढ़ें - सरकारी नौकरी करते हुए प्रतियोगी परीक्षा नहीं दे सकेंगे, ऐसा करने के लिए देना होगा इस्तीफा
बता दें कि एक दिन पहले ही कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा ने एक प्रेस कांफ्रेंस करते हुए आरोप लगाया था कि असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा की पत्नी रिनकी सरमा के पास दूसरे तीन देशों का पासपोर्ट है जबकि भारत में दोहरी नागरिकता नहीं चलता है। पवन खेड़ा ने कुछ दस्तावेज भी प्रेस कांफ्रेंस के दौरान दिखाया था और कहा था कि उनकी संपत्ति दुबई में है जबकि US में उनकी एक कंपनी भी है और अब वे लोग होटल व्यवसाय में भी जाने की तैयारी कर रहे हैं। इन आरोपों के बाद हिमंता ने कहा था कि वे और उनकी पत्नी पवन खेड़ा के विरुद्ध मुकदमा करेंगे और अब उनके दिल्ली आवास पर असम पुलिस पहुंची है जिसके बाद राजधानी पटना समेत अन्य शहरों में कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया और हिमंता बिस्वा सरमा का पुतला जलाया।
यह भी पढ़ें - नालंदा में NIA ने क्यों की थी छापेमारी, DGP ने बता दिया पूरा मामला