सीतामढ़ी जिले के सुप्पी थाना क्षेत्र से पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े करने वाली एक गंभीर घटना सामने आई है। आरोप है कि फिल्म देखकर घर लौट रहे दो युवकों को पुलिस ने रास्ते में रोककर न सिर्फ हिरासत में लिया, बल्कि पूरी रात थाने में बेरहमी से पीटा। घटना के बाद इलाके में तनाव और आक्रोश का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार, जयप्रकाश सिंह और गोपाल कुमार सिंह ‘धुरंधर 2’ फिल्म देखकर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान ससौला चौक के पास पुलिस टीम ने उन्हें रोका। आरोप है कि सुप्पी थाना प्रभारी संजीत कुमार ने बिना स्पष्ट कारण के दोनों युवकों के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद उन्हें थाने ले जाया गया, जहां कथित तौर पर रातभर उनकी पिटाई की गई।
यह भी पढ़ें: नालंदा में दिनदहाड़े गोलीकांड: बाईपास साइट पर पोकलेन चालक को गोली मार दी, दहशत में मजदूर
पीड़ितों के शरीर पर गंभीर चोट के निशान बताए जा रहे हैं। जयप्रकाश सिंह को ज्यादा चोटें आई हैं और उनके शरीर के कई हिस्सों पर गहरे जख्म हैं। प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि दोनों युवक रहम की गुहार लगाते रहे, लेकिन पुलिस की कार्रवाई जारी रही।बताया जा रहा है कि घायल जयप्रकाश सिंह स्थानीय पैक्स अध्यक्ष बजरंगी सिंह के पुत्र हैं। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण थाने के बाहर जुटने लगे, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया। बाद में एक स्थानीय जनप्रतिनिधि के हस्तक्षेप के बाद दोनों युवकों को छोड़ा गया।
यह भी पढ़ें: राहत या आफत ? बिहार में आंधी-बारिश ने ली जानें, कई जिलों में अलर्ट जारी
गंभीर रूप से घायल जयप्रकाश सिंह को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। इस घटना के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर कई सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, खबर लिखे जाने तक पुलिस प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। मामले को लेकर जांच और कार्रवाई की मांग तेज हो गई है।
यह भी पढ़ें: गांधी मैदान में सजेगा बिहार का महाउत्सव, 3 दिन तक दिखेगी ‘उन्नत बिहार’ की झलक